Kullu: आधा किलो चरस सहित हरियाणा का तस्कर गिरफ्तार, 2 युवकों से कैश और चिट्टा बरामद

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 04:19 PM (IST)

बंजार (लक्ष्मण): हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। कुल्लू पुलिस ने बंजार और भुंतर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 502 ग्राम चरस और 2.21 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इन मामलों में हरियाणा के एक व्यक्ति सहित कुल तीन लोगों को नामजद किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहली बड़ी कार्रवाई बंजार थाना के अंतर्गत अमल में लाई गई है। यहां पुलिस टीम ने गश्त और नाकेबंदी के दौरान एक व्यक्ति की शक के आधार पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 502 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान हरदीप कुमार, निवासी बहादुरपुर, डाकघर सफीदों, जिला जींद (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

नशे के खिलाफ दूसरी कार्रवाई भुंतर थाना पुलिस ने की है। बीती रात पुलिस टीम ने नरेश कुमार निवासी करेरी, डाकघर खरिहार, तहसील भुंतर (कुल्लू) के पास से एक ग्राम चिट्टा और 1000 रुपए की नकदी बरामद की। वहीं, एक अन्य तीसरे मामले में नवीन भारद्वाज निवासी धारा, डाकघर रिवालसर, तहसील बल्ह (मंडी) के कब्जे से 1.21 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

चिट्टे की रिकवरी वाले दोनों मामलों में पकड़ी गई मात्रा कम  होने के चलते पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत दोनों आरोपियों (नरेश और नवीन) को सीआरपीसी का नोटिस देकर छोड़ दिया है। हालांकि, उन्हें जरूरत पड़ने पर पूछताछ के लिए पुलिस के सामने पेश होना होगा।

कुल्लू के एसपी अभिषेक सेकर ने इन मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत संबंधित थानों में मामले दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हरियाणा का व्यक्ति चरस की खेप कहां से लाया था और चिट्टा पकड़े जाने वाले युवक किस नैटवर्क से जुड़े हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News