विवाहिता का शव मिलने से लोगों में दहशत

punjabkesari.in Monday, Oct 01, 2018 - 08:13 PM (IST)

घुमारवीं: पुलिस थाना भराड़ी के तहत पडऩे वाले कस्बा दधोल कलांं के समीप एक महिला का शव बरामद किया गया है। शव मिलते ही इलाके में दहशत फैल गई है। जानकारी के अनुसार कुछ लोग जंगल से सटे इस क्षेत्र में घास इत्यादि लेने गए हुए थे। लोगों ने देखा कि एक स्थान पर बड़ी मात्रा में मक्खियां तथा अन्य कीट पतंगे उड़ रहे थे। लोग उत्सुकता के चलते उस स्थान पर पहुंच गए। लोगों ने वहां पर एक महिला का शव देखा और इसकी जानकारी पुलिस थाना भराड़ी को दी। पुलिस थाना भराड़ी का एक दल घटनास्थल की ओर रवाना हो गया। भराड़ी पुलिस ने  क्षेत्र में शव मिलने की सूचना डी.एस.पी. घुमारवीं राजेंद्र कुमार जसवाल को दी। डी.एस.पी. राजेंद्र कुमार जसवाल तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि महिला का शव औंधे मुंह पड़ा हुआ है तथा उसके सिर का कुछ हिस्सा कीट पतंगों तथा अंदर से निकलने वाले कीड़ों ने खा लिया है। उन्होंने बताया कि उसके शरीर के अंदर से बाहर की ओर कीड़े निकल रहे हैं। राजेंद्र कुमार जसवाल ने बताया कि मृतका ने जो कपड़े पहने हैं वह अभी ठीक अवस्था में हैं तथा बाजुओं पर चूडिय़ां हैं जिससे प्रतीत होता है कि महिला विवाहिता थी।


तहकीकात में जुटी पुलिस
पुलिस ने इस क्षेत्र के आसपास पडऩे वाले पुलिस थानों को सूचित किया। बताया जा रहा है कि पुलिस थाना भराड़ी में किसी भी महिला के गुम होने की कोई सूचना दर्ज नहीं है। कुछ एक जगह से पुलिस को इनपुट मिला है कि कोई महिला गुम हुई है लेकिन यह गुमशुदगी की सूचना लगभग 2 महीना पहले की बताई जा रही है लेकिन शव को देख कर लगता है कि इसकी मृत्यु करीब हफ्ता पहले हुई होगी। डी.एस.पी. राजेंद्र कुमार जसवाल ने बताया कि पुलिस ने फोरैंसिक जांच एजैंसी को सूचित कर दिया है। घटनास्थल से शव को अभी हटाया नहीं गया है क्योंकि अभी तक फोरैंसिक जांच एजैंसी अपना काम करेगी। उसके बाद पुलिस शव को अपने कब्जे में ले लेगी। उन्होंने बताया कि मौका पर पुलिस का पहरा लगा दिया गया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Kuldeep

Recommended News

Related News