Sirmaur: तिरंगे में लिपटे बेटे को देख बेसुध हुई मां, पत्नी ने लाल जोड़े में दी शहीद पति को अंतिम विदाई

punjabkesari.in Wednesday, Jun 04, 2025 - 07:02 PM (IST)

नाहन (आशु वर्मा): उत्तरी सिक्किम में हुए भीषण भूस्खलन के दौरान बलिदान देने वाले 27 वर्षीय लांस नायक मनीष ठाकुर बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका पैतृक गांव नाहन विधानसभा क्षेत्र के बड़ाबन में पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शहीद मनीष ठाकुर को उनके छोटे भाई धीरज ठाकुर ने मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में राजनीतिक दलों, प्रशासनिक अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और हजारों स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस दौरान पूरा गांव भारत माता की जय, वंदे मातरम् और मनीष ठाकुर अमर रहे के नारों से गूंज उठा।
PunjabKesari

जैसे ही बुधवार दोपहर तिरंगे में लिपटी लांस नायक मनीष ठाकुर की पार्थिव देह घर के आंगन में पहुंची, तो पूरा माहौल गमगीन हो उठा। पिता जोगिंदर सिंह अपने लाडले मनीष को सिर्फ एक नजर से निहारते हुए नजर आए। मां किरण बाला बेटे के अंतिम दर्शन में बेसुध हो गईं। बलिदानी मनीष की पत्नी तनु देवी पति की पार्थिव देह पहुंचने पर फूट-फूट कर रोई और लाल जोड़े में कांपते हाथों से वीरांगना तनु ने शहीद पति के चेहरे को आखिरी बार देखा और अपने जीवन साथी को अंतिम विदाई दी। बता दें कि बलिदानी लांस नायक मनीष ठाकुर की शादी 3 माह पहले हुई थी।
PunjabKesari

बता दें कि गत सोमवार को सिक्किम में हुए भीषण भूस्खलन की चपेट में आकर लांस नायक मनीष ठाकुर वीरगति को प्राप्त हो गए थे। दो दिन खराब मौसम के कारण उनकी पार्थिव देह का ट्रांसपोर्ट रोका गया था। बुधवार सुबह उनकी देह चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंची, जहां से सेना के वाहन द्वारा पैतृक गांव तक लाया गया। रास्ते में लोगों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए और युवाओं ने मोटरसाइकिल तिरंगा यात्रा निकाली। दोपहर बाद जलमुशा खड्ड के किनारे लांस नायक मनीष ठाकुर की अंत्येष्टि हुई।
PunjabKesari

प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन की ओर से शहीद के परिवार को 7 लाख रुपए की सहायता राशि दी गई। सैनिक वैल्फेयर बोर्ड ने अंतिम संस्कार के लिए 15 हजार रुपए अतिरिक्त प्रदान किए। एडीएम सिरमौर एलआर वर्मा, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, एसपी सिरमौर एनएस नेगी सहित कई अधिकारी अंतिम संस्कार में मौजूद रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप, विधायक सुखराम चौधरी, पूर्व विधायक बलदेव तोमर और अन्य नेताओं ने अंतिम यात्रा में हिस्सा लेकर बलिदानी लांस नायक मनीष ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित की। डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की वीरभूमि के सपूत मनीष ठाकुर की शहादत पर पूरा प्रदेश गर्व करता है।
PunjabKesari
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News