Una: 200 रुपए में 10 लाख का सपना दिखा रहे थे ठग, जानें कैसे लुटने से बचा युवक
punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 04:00 PM (IST)
गगरेट (बृज): ऊना जिले के उपमंडल गगरेट में ऑनलाइन ठगी का एक बेहद शातिराना मामला सामने आया है। यहां एक स्थानीय युवक ने अपनी सतर्कता और समझदारी से खुद को ठगी का शिकार होने से बचा लिया। ठगों ने युवक को बैसाखी बंपर लॉटरी के नाम पर 10 लाख रुपए का लालच दिया था, लेकिन रजिस्ट्रेशन फीस की मांग ने उनकी पोल खोल दी।
जानकारी के अनुसार गगरेट निवासी अमन को सोमवार दोपहर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने उसे ऑनलाइन लॉटरी खरीदने का लालच दिया। ठगों की बातों में आकर अमन ने 200 रुपए खर्च कर ऑनलाइन लॉटरी खरीद ली। बुधवार को उसे दोबारा फोन आया और बताया गया कि उसकी 10 लाख रुपए की लॉटरी निकली है। लॉटरी जीतने की खबर सुनकर अमन की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इसी बीच ठगों ने उसका विश्वास जीतने के लिए उससे उसका आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक खाते की जानकारी हासिल कर ली। ठगों ने ठगी को असली दिखाने के लिए पंजाब सरकार के नाम से जारी एक फर्जी लेटर भी अमन को भेजा, जिसमें उसकी जीत की पुष्टि की गई थी। इसके बाद ठगों ने अपना असली रंग दिखाया और अमन को एक क्यूआर कोड भेजकर रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर 4500 रुपए तुरंत जमा करने को कहा।
इतनी बड़ी रकम मांगने पर अमन को संदेह हुआ। उसने तुरंत अपने दोस्त ऋषव भार्गव से संपर्क किया। ऋषव ने उसे सावधान करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी सरकारी लॉटरी में पुरस्कार राशि देने से पहले कोई अलग से रजिस्ट्रेशन फीस नहीं ली जाती। दोस्त की बात सुनकर अमन ने पैसे न भेजने का फैसला किया और अपनी मेहनत की कमाई डूबने से बचा ली। अमन ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के लुभावने फोन कॉल्स और ऑनलाइन लॉटरी के झांसे में न आएं। अपनी निजी जानकारी और बैंक डिटेल्स किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ सांझा करना भारी पड़ सकता है।
इस मामले पर डीएसपी अनिल पटियाल ने भी जनता को जागरूक रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस समय-समय पर साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए अभियान चलाती रहती है। किसी भी संदिग्ध कॉल या क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे मांगने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

