Una: इनोवा गाड़ी से उतरते ही दुकानदार पर टूट पड़े 5 बदमाश, 14 साल के भांजे ने ऐसे बचाई मामा की जान
punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 02:49 PM (IST)
अम्ब (अश्विनी): ऊना जिले के पुलिस थाना अम्ब के अंतर्गत बेहड़ जसवां क्षेत्र में सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। यहां चक्क पुली के पास एक इनोवा गाड़ी में आए 5 अज्ञात बदमाशों ने एक फास्ट फूड दुकानदार पर तलवारों, लोहे की रॉड और हॉकी से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में अकरोट निवासी 31 वर्षीय भागवत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल अम्ब में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार भागवत कुमार सोमवार रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर अपनी स्कूटी से घर लौट रहा था। उसके साथ उसका 14 वर्षीय भांजा प्रिंस गर्ग भी बैठा था। जब वे बेहड़ जसवां स्कूल के पीछे चक्क पुली के पास पहुंचे, तो वहां पहले से खड़ी एक सफेद रंग की इनोवा गाड़ी के चालक ने स्कूटी के आगे गाड़ी लगाकर उनका रास्ता रोक लिया। इसी दौरान गाड़ी से 5 व्यक्ति उतरे और बिना कोई बात किए भागवत पर हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले के दौरान भागवत का भांजा प्रिंस मौके से भाग निकला और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुला लाया। लोगों को इकट्ठा होता देख हमलावर अपनी इनोवा गाड़ी में बैठकर बड़ूही की ओर फरार हो गए।
डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने पीड़ित के बयान और प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास जांच कर रही है और वारदात में इस्तेमाल की गई इनोवा गाड़ी व अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

