Himachal: व्हाट्सएप पर आए इस Link पर क्लिक करते ही खाते से उड़े ₹6.87 लाख, कुल्लू का शख्स हुआ ठगी का शिकार

punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 03:30 PM (IST)

कुल्लू (शम्भू): हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सुल्तानपुर के रहने वाले एक व्यक्ति को वाहन के चालान का एक फर्जी मैसेज आया। उस मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ित के बैंक खाते से 6 लाख 87 हजार रुपए की रकम साफ हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

व्हाट्सएप पर आया था 1000 रुपए के चालान का मैसेज
पुलिस को दी गई शिकायत में सुल्तानपुर (कुल्लू) निवासी लोकेंद्र ठाकुर ने बताया कि 19 अक्तूबर को उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए एक मैसेज आया था। इस मैसेज में दावा किया गया था कि उसके वाहन का 1000 रुपए का ट्रैफिक चालान कटा है। मैसेज के साथ चालान भरने के नाम पर एक लिंक भी अटैच किया गया था। शिकायतकर्ता ने मैसेज को सही मानकर जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, वे शातिर साइबर ठगों के जाल में फंस गया।

केनरा बैंक के खाते से हुए 6 अनधिकृत ट्रांजैक्शन
लिंक पर क्लिक करने के कुछ दिनों बाद 22 अक्तूबर को लोकेंद्र ठाकुर के केनरा बैंक खा ते से बिना उसकी अनुमति 6 ट्रांजैक्शन हुए। इन अनधिकृत लेन-देन के जरिए साइबर ठगों ने उसके खाते से लगभग 6.87 लाख रुपए निकाल लिए। खाते से इतनी बड़ी रकम कटने के मैसेज मिलने पर पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ और उसने तुरंत पुलिस का दरवाजा खटखटाया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित की शिकायत के आधार पर कुल्लू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की तकनीकी जांच चल रही है। साइबर सैल की मदद से ठगों के बैंक खातों और नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। वहीं पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे ई-चालान या किसी भी अन्य नाम पर आने वाले अनजान व्हाट्सएप या एसएमएस लिंक पर बिल्कुल भी क्लिक न करें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News