Himachal: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 5 नाम शाॅर्ट लिस्ट, प्रियंका गांधी के फीडबैक से हुई इस ''नए चेहरे'' की एंट्री

punjabkesari.in Sunday, Oct 19, 2025 - 11:54 AM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पल-पल बदलती सियासत के बीच 5 नेताओं के नाम पैनल में शार्ट लिस्ट किए गए हैं। इसके तहत कांगड़ा जिला से युवा नेता एवं एचपीटीडीसी के अध्यक्ष व विधायक रघुवीर सिंह बाली का नाम सामने आया है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रघुवीर सिंह बाली के संदर्भ में फीडबैक लिया है, जिससे उनका नाम सुर्खियों में आया है। रघुवीर सिंह बाली का संबंध प्रदेश के सबसे बड़े सियासी जिला कांगड़ा से है। कांगड़ा से इस समय मंत्रिमंडल में 2 ही सदस्य हैं, जिससे उनकी दावेदारी को मजबूती मिल सकती है।
PunjabKesari

इसके अलावा बदले सियासी समीकरण के बीच एआईसीसी प्रवक्ता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की तरफ से ताजा बयान सामने आया है। इस बयान में उन्होंने कहा है कि मैं अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल नहीं हूं, लेकिन हाईकमान की तरफ से उनको दायित्व सौंपे जाने पर वह तैयार हैं। इससे पहले शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी इस तरह का बयान दे चुके हैं। यानी वह अध्यक्ष पद मिलने पर मंत्री पद छोड़ने को तैयार हैं, ताकि दायित्व को बखूबी निभा सकें। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी अध्यक्ष पद की दौड़ में बराबर बनी हुई है। वह पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि हाईकमान जिसको भी दायित्व सौंपेगा, वह उससे संतुष्ट है। 

इसी तरह विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार का नाम बहुत पहले से अध्यक्ष पद की दौड़ में आ रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी हाईकमान से दिल्ली में अध्यक्ष पद को लेकर फिर से चर्चा कर चुके हैं। ऐसे में अब कांग्रेस अध्यक्ष पद की ताजपोशी शीघ्र हो जाएगी, क्योंकि पार्टी को पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की तैयारी भी करनी है। प्रदेश में इस समय प्रतिभा सिंह बीते 10 माह से बिना टीम के अध्यक्ष पद को देख रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News