Bilaspur: कोल डैम में अब तैरेगी ''फिश टाइगर'', एंगलिंग टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
punjabkesari.in Wednesday, May 14, 2025 - 03:39 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): बिलासपुर स्थित कोल डैम में अब फिश टाइगर कही जाने वाली महाशीर मछली का उत्पादन केज कल्चर के तहत किया जाएगा। मत्स्य विभाग ने इसके लिए कार्ययोजना को अंतिम रूप दे दिया है। प्रारंभिक चरण में 1000 से 2000 महाशीर मछली के बीज प्रायोगिक तौर पर जलाशय में डाले जाएंगे। प्रयोग सफल रहने पर बड़े स्तर पर उत्पादन शुरू किया जाएगा। जानकारी के अनुसार महाशीर मछली भारत और दक्षिण एशियाई देशों में पाई जाती है और इसे बेहद मजबूत तथा शक्तिशाली मछली माना जाता है। हिमाचल प्रदेश सरकार ने इसे राज्य मछली का दर्जा भी दिया है। इसकी लोकप्रियता एंगलिंग में खास है, और यही वजह है कि इसके जरिए एंगलिंग टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
रेनबो ट्राऊट के बाद अब महाशीर की बारी
जानकारी के अनुसार कोलडैम जलाशय में इस समय 24 केज लगे हैं, जिनमें रेनबो ट्राऊट का सफल उत्पादन किया जा रहा है। मत्स्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो गत वर्ष 10 हजार रेनबो ट्राउट बीज डाले गए थे, जिनमें से 7 हजार मछलियां बिक्री के लिए तैयार हैं। महाशीर भी मांसाहारी मछली है और चूंकि ट्राऊट जैसे ठंडे पानी की मछलियां केज में सरवाइव कर रही हैं, इसलिए महाशीर के लिए भी अनुकूल माहौल है। विभागीय अधिकारियाें के अनुसार महाशीर मछली न केवल व्यावसायिक दृष्टि से मूल्यवान है, बल्कि यह एंगलिंग प्रेमियों की भी पहली पसंद है। इसकी मांग न केवल भारत में, बल्कि मलेशिया और इंडोनेशिया जैसे देशों में भी है। इसे जलाशयों में छोड़ने से एंगलिंग टूरिज्म को मजबूती मिलेगी और स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
क्या कहते हैं मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी
मत्स्य पालन विभाग बिलासपुर के संयुक्त निदेशक पवन कुमार ने बताया कि कोलडैम में रेनबो ट्राऊट के साथ ही केज में महाशीर मछली का उत्पादन शुरू किया जाएगा। इसे प्रयोग के तौर पर शुरू किया जा रहा है। सफलता मिलने के बाद इसे बड़े स्तर पर शुरू किया जाएगा। महाशीर को एंगलिंग के लिए उत्तम माना जाता है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here