सराज के थुहा में भीषण अग्निकांड की भेंट चढ़ा दोमंजिला मकान, 6 लाख रुपए का नुक्सान
punjabkesari.in Saturday, Mar 12, 2022 - 10:08 PM (IST)

जंजैहली/गोहर (ख्यालीराम): सराज की उपतहसील छतरी के थुहा गांव में शनिवार को एक दोमंजिला स्लेटपोश मकान जलकर राख हो गया, जिससे पीड़ित परिवार को करीब 6 लाख रुपए का नुक्सान हो गया है। जानकारी के अनुसार दिवान चंद पुत्र अमर चंद निवासी थुहा के स्लेटपोश मकान में अचानक आग भड़क गई। आग लगने का मुख्य कारण रसोईघर में रखे गैस सिलैंडर में रिसाव होना बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम के वक्त मकान से धुआं निकलने लगा, जिसे देखते ही घर के सारे सदस्य घर से बाहर निकल गए और आसपास के ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
देखते ही देखते आग ने देवदार की लकड़ी से बने मकान को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया परंतु उतने में पूरा मकान जलकर राख हो गया। आग की इस घटना में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। नायब तहसीलदार बीरवल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल का मौका किया और प्रभावित परिवार को 10000 रुपए की फौरी राहत प्रदान की गई है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here