Himachal: देश के नामी TV चैनल की महिला पत्रकार एवं एंकर पर शिमला में FIR दर्ज, जानें क्या है मामला

punjabkesari.in Sunday, Oct 19, 2025 - 04:25 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): देश के नामी टीवी चैनल की महिला पत्रकार एवं एंकर अंजना ओम कश्यप के खिलाफ शिमला एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला वाल्मीकि समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में दर्ज हुआ है। शिकायत के अनुसार अंजना ओम कश्यप ने अपने चैनल के एक कार्यक्रम में महर्षि वाल्मीकि को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिससे समुदाय में नाराजगी फैली है। शिमला के सदर पुलिस स्टेशन में यह मामला दर्ज किया गया है। यह एफआईआर धारा 3(1);(5) अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, अत्याचार निवारण अधिनियम और धारा 299 बीएनएस के तहत पंजीकृत की गई है। 

शिकायतकर्ता प्रीत पाल मट्टू, बाबा साहेब अंबेदकर वैल्फेयर सोसायटी शिमला के अध्यक्ष हैं। शिकायत में कहा गया है कि 8 अक्तूबर को उन्होंने सोशल मीडिया पर चैनल का एक वीडियो देखा था। इस वीडियो में एंकर अंजना ओम कश्यप और चैनल के मुख्य संपादक अरुण पुरी ने महर्षि वाल्मीकि से संबंधित एक रिपोर्ट प्रस्तुत की थी, जिसमें उन्हाेंने महर्षि वाल्मीकि को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। शिकायतकर्ता के अनुसार इस टिप्पणी ने वाल्मीकि समुदाय की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है और एक महान ऋषि का अपमान किया गया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार मामले से संबंधित सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

इससे पहले लुधियाना में हो चुका मामला दर्ज
इससे पहले पंजाब के लुधियाना में भी इसी मामले को लेकर अंजना ओम कश्यप और चैनल के मुख्य संपादक अरुण पुरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News