Himachal : आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर उपप्रधान सहित 2 पर मामला दर्ज, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 10:12 AM (IST)
Una News : हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के विकास खंड अम्ब के अधीन पड़ती ग्राम पंचायत के उपप्रधान और उनके पिता के खिलाफ कथित जान से मारने की धमकी देने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक रील पोस्ट करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता सहित अन्य ग्रामीणों की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिकायतकर्ताओं ने 20 जून को पंचायत क्षेत्र में सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर डी.सी. ऊना के समक्ष शिकायत की थी। इसके बाद उपप्रधान और उनके परिवार ने उनसे रंजिश रखनी शुरू कर दी। शिकायत में यह भी आरोप है कि एक अन्य मामले में थाना आने के दौरान आरोपियों ने शिकायतकर्त्ताओं को धमकाते हुए कहा कि वे उन्हें देख लेंगे। इसके अलावा आरोप है कि उपप्रधान ने सोशल मीडिया पर कथित रूप से हाथ में बंदूक लेकर एक रील पोस्ट की, जिसमें बदला लेने संबंधी गीत का इस्तेमाल किया गया।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस पोस्ट और पूर्व में दी गई कथित धमकियों के कारण उन्हें अपनी जानमाल की सुरक्षा को लेकर भय है। डी.एस.पी. अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत, फोटो और वीडियो के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की बनती धाराओं अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है तथा जांच के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

