हिमाचल-पंजाब बॉर्डर पर खौफनाक वारदात, पत्नी को मौत के घाट उतारकर फरार हुआ पति
punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 08:21 PM (IST)
टाहलीवाल (गौतम): हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे पंजाब के गढ़शंकर इलाके में एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। टाहलीवाल के गोंदपुर जयचंद गांव से लगते पंजाब के गांव महिंदवाणी में एक प्रवासी मजदूर ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी 30 वर्षीय पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश की एक औद्योगिक इकाई में काम करने वाले कई प्रवासी मजदूर पंजाब के महिंदवाणी गांव में झोंपड़ियां बनाकर रहते हैं। इन्हीं झोंपड़ियों में बिहार के जिला मुंगेर (निवासी हरनाणार) का रहने वाला सुनील कुमार अपनी पत्नी मुन्नी देवी और बच्चों के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि यह परिवार महज एक महीना पहले ही काम की तलाश में यहां आकर बसा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू कलह रहती थी। इसी विवाद ने इतना भयंकर रूप ले लिया कि गुस्से में आकर सुनील कुमार ने अपनी पत्नी मुन्नी देवी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अपनी पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी पति अपने मासूम बच्चों को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।
इस घटना की भनक लगते ही इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी बीनेवाल के इंचार्ज एएसआई जसवीर सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। गढ़शंकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

