पालमपुर को जिला और नगर निगम बनाने का पक्षधर: आशीष बुटेल

punjabkesari.in Wednesday, Apr 17, 2019 - 11:07 AM (IST)

पालमपुर (मुनीष/गौरव): पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल का कहना है कि वह पालमपुर को जिला बनाने व नगर निगम बनाने के पक्षधर हैं। लेकिन इसमें लोगों की सहमति सबसे अधिक जरूरी है। नगर निगम के लिए यहां के आसपास की पंचायतों के लोगों व प्रतिनिधियों की एन.ओ.सी. इसके लिए जरूर मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा विकास की दृष्टि से पालमपुर को आगे बढ़ाया है। लेकिन भाजपा ने हमेशा ही यहां की तरक्की की राह को रोका है। चाहे वे पालमपुर को जिला बनाने की बात हो या फिर नगर निगम बनाने की।  

आज भाजपा सरकार सत्ता में है, उनके समर्थित पंचायत प्रधान आसपास की कुछ पंचायतों में हैं, ऐसे में भाजपा नगर निगम को लेकर आसपास की पंचायतों से एन.ओ.सी. क्यों नहीं ले पा रही है। उन्होंने कहा कि जिला व नगर निगम के अलावा पालमपुर में बी.डी.ओ. कार्यालय खुलवाना भी शुरू से ही उनकी प्राथमिता रहा है। यहां पंजाब केसरी से बातचीत में आशीष बुटेल ने कहा कि इस बार के लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा के जुमलों में आने वाली नहीं है। 5 साल का अगर रिपोर्ट कार्ड देखा जाए, तो ऐसा कोई काम नहीं हो पाया, जिसे विकास माना जाए। 

मोदी सरकार ने देश के युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन हैरान करने वाले आंकड़े हैं कि देश में रोजगार बढ़ा नहीं, बल्कि 1 करोड़ 80 लाख लोगों का रोजगार कम हुआ है। कांग्रेस में युवाओं को सीट देने बारे उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ऐसा संगठन है, जिसने कभी भी अपने बुजुर्ग नेताओं की अनदेखी नहीं की बल्कि उनका मार्गदर्शन लिया। लेकिन भाजपा ने ऐसे लोगों की टिकट काटकर और उन्हें राजनीति से अलग थलग करके उनकी राजनीतिक हत्या ही की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ने जिस ढंग से एक पंडाल में गंदे शब्दों का प्रयोग किया, उन शब्दों से ही भाजपा के संस्कार जाहिर हो जाते हैं।

मैं लोगों के दिलों में बसने पर विश्वास करता हूं 

आशीष बुटेल ने कहा कि आज सरकार कांग्रेस के विधायक होने के नाते भेदभाव कर रही है। जो लोकतांत्रिक परंपरा में उचित नहीं है। 2-3 बार सी.एम. पालमपुर आए, लेकिन बस चलाने जैसी घोषणाएं कर रहे हैं। जबकि पालमपुर में अब तक एक भी बड़ी घोषणा नहीं की गई लेकिन मुझे इससे फर्क नहीं पड़ता। मैं फीता काटने में नहीं लोगों के दिलों में बसने पर विश्वास रखता हूं। लेकिन भाजपा यहां विधायक होने के बावजूद भी दूसरे हलके के विधायक को यहां बुला रही है। मेरा नाम पट्टिकाओं से हटाया जा रहा है। यह अनोखी परंपरा इस सरकार की है। 

काजल बेहतरीन उम्मीदवार, कपूर को हटाने की तैयारी 

आशीष ने कहा कि पवन काजल कांग्रेस के बेहतरीन उम्मीदवार हैं और वो जीत हासिल भी करेंगे। जबकि किशन कपूर को चुनावी मैदान में उतारे जाने पर साफ है कि भाजपा उन्हें किसी न किसी ढंग से मंत्री पद से हटाना चाह रही है। ऐसे में उन्हें लोकसभा चुनाव में उतारा गया है। उन्होंने कहा कि कपूर कहीं से भी गद्दी समुदाय के नेता नहीं हैं। उन्होंने आज तक इस समुदाय का कोई मामला नहीं उठाया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News