Kangra: फतेहपुर शाहनहर बैराज पर अवैध क्रशर का भंडाफोड़, 500 केवीए जैनसेट से किया जा रहा था संचालित
punjabkesari.in Sunday, Sep 28, 2025 - 10:45 PM (IST)

फतेहपुर (अजय): जिला कांगडा की फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के शाहनहर बैराज (52 गेट) के पास पंजाब सीमा के पास लंबे समय से चल रहे अवैध क्रशर का मामला अब बड़े स्तर पर उजागर हुआ है। इस मुद्दे को सबसे पहले हिमाचल विधानसभा में विधायक भवानी सिंह पठानिया ने जोर-शोर से उठाया, जिसकी गूंज इतनी प्रभावशाली रही कि मामला सीधे पंजाब सरकार तक पहुंच गया, जिससे प्रशासनिक कार्रवाई तेजी से शुरू हुई है। डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर आशिका के निर्देश पर एसडीएम मुकेरियां अंकुर महेंद्रू के नेतृत्व में बीती रात अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया।
इस दौरान 3 क्रशरों की जांच हुई और एक क्रशर संचालन में पाया गया, जबकि मौके पर 500 केवीए का जैनसेट भी मिला। जांच में ताजा टायर निशान, जैनसेट का अत्यधिक तापमान, गीली बजरी और 1414 घंटे की रनिंग रीडिंग से स्पष्ट हुआ कि क्रशर नियमित रूप से संचालित किया जा रहा था। जिला प्रशासन ने 5 चालान जारी किए, अवैध खनन में शामिल वाहनों को जब्त किया और जैनसेट को सील किया। डिप्टी कमिश्नर आशिका ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन की जीरो टॉलरैंस नीति के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अवैध खनन कार्यों को बख्शा नहीं जाएगा : भवानी
विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि मैंने हिमाचल विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया, ताकि शाहनहर बैराज और ब्यास नदी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। यह अवैध खनन हमारी जमीन और पर्यावरण के लिए खतरा था। प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की है और मैं जनता से अपील करता हूं कि ऐसे मामलों की जानकारी हमें तुरंत दें, ताकि समय रहते सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।