किन्नर बनकर मंदिरों में घूम रहा बांग्लादेशी छात्र, धन उगाही के आरोप...पुलिस के पास पहुंची शिकायत; खुफिया तंत्र पर उठे सवाल

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 01:30 PM (IST)

Shimla News : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक बेहद संवेदनशील और सुरक्षा से जुड़ा संदिग्ध मामला सामने आया है। एक निजी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले बांग्लादेशी छात्र पर आरोप लगा है कि वह मंदिरों में अपना वेश बदलकर (किन्नर बनकर) भक्तों से पैसे वसूल रहा है। 'हिंदू रक्षा मंच' द्वारा पुलिस में की गई इस लिखित शिकायत ने राज्य के राजनीतिक गलियारों और सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मचा दी है। इस मामले के सामने आने के बाद अब राज्य की खुफिया तंत्र की कार्यप्रणाली पर भी उंगलियां उठने लगी हैं।

क्या है पूरा विवाद?

हिंदू रक्षा मंच के अनुसार, छात्र की पहचान सैफदुल इस्लाम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बांग्लादेश का निवासी है और शिमला के निजी विश्वविद्यालय में पढ़ता है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी अपनी इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर खुद को एक विदेशी छात्र बताता है और वह मंदिरों में ट्रांसजेंडर का रूप धरकर धन उगाही करता है। पुलिस को शिकायत दी गई है कि वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाए और उचित कार्यवाही करने की मांग की गई है। विदेशी छात्र के इस तरह संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होने को लेकर स्थानीय संगठनों ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला बताया है।

 

सियासत गरमाई

इधर, इस मामले पर प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इसे सरकार की बड़ी विफलता करार दिया है। वहीं, शिमला के विधायक हरीश जनारथा ने भी मामले की गंभीरता को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि स्टडी वीजा पर आए किसी भी विदेशी नागरिक को अपने निर्धारित दायरे और नियमों का पालन करना अनिवार्य है। विधायक ने पुलिस के आला अधिकारियों से बात कर मामले की तह तक जाने के निर्देश दिए हैं। जनारथा ने संकेत दिया है कि यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो इस मामले को बांग्लादेश एम्बेसी (दूतावास) के समक्ष भी उठाया जाएगा और छात्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

देश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News