RTI में बड़ा खुलासा! हिमाचल में PGT शिक्षकों के 2991 पद खाली, जल्द भर्ती की उठ रही मांग

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 04:40 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश के सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में पोस्ट ग्रैजुएट टीचर (पीजीटी) के 2991 पद रिक्त हैं। सूचना का अधिकार (पीजीटी) अधिनियम के तहत यह जानकारी प्राप्त हुई है। 31 जुलाई 2026 तक की स्थिति के अनुसार विषयवार रिक्तियों में इतिहास विषय में 222 पद, अर्थशास्त्र में 189, अंग्रेजी में 236, हिन्दी में 259, राजनीतिक विज्ञान में 300, कॉमर्स में 280, आईपी/कम्प्यूटर साइंस में 194, भूगोल में 44, संस्कृत में 73, समाज शास्त्र में 28, गणित में 125, फिजिक्स में 82, कैमिस्ट्री में 115, बायोलॉजी में 109, संगीत में 23, होम साइंस में 4, मनोविज्ञान में 2 व लोक प्रशासन विषय में 4 पद पीजीटी शिक्षकों के खाली हैं। इन आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कई महत्वपूर्ण विषयों में शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है। ऐसे में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग भी लगातार उठ रही है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

8 असिस्टैंट लाइब्रेरियन गुजरात में लेंगे सोल 3.0 सॉफ्टवेयर का प्रशिक्षण
हिमाचल के 8 असिस्टैंट लाइब्रेरियन गुजरात में सोल 3.0 सॉफ्टवेयर का प्रशिक्षण लेंगे। उच्च शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के विभिन्न जिला व सार्वजनिक पुस्तकालयों में कार्यरत इन असिस्टैंट लाइब्रेरियन को सोल 3.0 सॉफ्टवेयर के ऑफलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रतिनियुक्त किया है। यह प्रशिक्षण 17 से 21 अगस्त 2026 तक इनफ्लिबलैट सैंटर, गांधीनगर (गुजरात) में आयोजित होगा। इस संबंध में जारी हुए कार्यालय आदेश के अनुसार प्रशिक्षण में कुल्लू के प्रेम चंद, नाहन के सुभाष कुमार, ऊना की बलविंदर कौर, कंडाघाट के संजीव कुमार, ठियोग के चंद्र भूषण, चम्बा के चमन लाल, मंडी के यशवंत सिंह तथा हमीरपुर के कश्मीर चंद भाग लेंगे।

कर्मचारियों को एनओसी जारी करने के निर्देश
उच्च शिक्षा निदेशालय ने ट्रेजरी, अकाऊंट्स एवं लॉटरीज विभाग में फाइनांस व अकाऊंट्स सर्विसिज सैक्शन ऑफिसर की भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए 37 और कर्मचारियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने संबंधी निर्देश जारी किए हैं। निदेशालय ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार एनओसी उपलब्ध करवाने को कहा है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News