Himachal: उफान पर नाला...किन्नर कैलाश यात्रा पर लगी अस्थायी रोक, प्रशासन ने 15 अगस्त तक बढ़ाई अवधि
punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 04:13 PM (IST)
रिकांगपिओ (रिपन): खराब मौसम और गुफा के समीप नाले में जलस्तर व बहाव अत्यधिक बढ़ने के कारण प्रशासन ने किन्नर कैलाश यात्रा पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। मार्ग क्षतिग्रस्त होने के चलते सुरक्षा की दृष्टि से यह कदम उठाया गया है। हालांकि, पिछले दो दिनों से बाधित इस यात्रा के कारण दर्शन से वंचित रहे श्रद्धालुओं को प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। इस वर्ष यात्रा के समापन की तिथि जो पहले 10 अगस्त निर्धारित की गई थी, उसे अब बढ़ाकर 15 अगस्त कर दिया गया है। एसडीएम कल्पा पीके भारद्वाज ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों में नाले को पार करना अत्यंत जोखिमपूर्ण है। वन विभाग, एटीएओ के विशेषज्ञों और पुलिस क्यूआरटी गुफा प्रभारी ने मौके का निरीक्षण कर इस स्थिति की पुष्टि की है। प्रशासन के अनुसार, बीते दिन भी नाले का जलस्तर बढ़ने से यात्रा रोकनी पड़ी थी। मार्ग को तीन बार बहाल करने का प्रयास किया गया, लेकिन रात 11 बजे किए गए नवीनतम निरीक्षण में पानी का बहाव इतना तेज पाया गया कि तैयार किया गया अस्थायी मार्ग दोबारा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मौसम और मार्ग सुधरने तक मलिंग खट्टा में रुक सकते हैं यात्री
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस क्यूआरटी प्रभारी मलिंग खट्टा को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी यात्री को आगे जाने की अनुमति न दी जाए। जो यात्री मलिंग खट्टा में ठहरे हैं, वे मौसम और मार्ग सुधरने तक वहीं सुरक्षित रुक सकते हैं। वहीं, जो यात्री वापस तंगलिंग लौटना चाहते हैं, उन्हें वापस जाने की पूरी अनुमति रहेगी। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए सुबह पांच बजे से ही साईं रोड के प्रारंभिक बिंदु पर पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात कर दिए गए हैं, ताकि कोई भी यात्री आगे प्रवेश न कर सके।
प्रतिदिन रात 11 बजे लिया जाएगा निर्णय
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मलिंग खट्टा से किन्नर कैलाश की ओर यात्रा संचालित की जाएगी या नहीं, इसका निर्णय अब प्रतिदिन रात 11 बजे लिया जाएगा। गुफा और मलिंग खट्टा में तैनात टीमें नाले के जलस्तर और मार्ग की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण करेंगी। परिस्थितियां सुरक्षित और अनुकूल पाए जाने पर ही रात 11 बजे के बाद आगे की यात्रा की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा, कल के लिए नया पंजीकरण (ऑफलाइन) नहीं किया जाएगा, लेकिन काऊंटर पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी यात्रियों को आवश्यक जानकारी व मार्गदर्शन देने के लिए उपस्थित रहेंगे।
9 अगस्त को दोपहर 2 बजे तक करवाएं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
यात्रा की अवधि 5 दिन बढ़ाए जाने के मद्देनजर 11 से 14 अगस्त तक की यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल 9 अगस्त को दोपहर 2 बजे खोल दिया जाएगा। इच्छुक श्रद्धालु किन्नौर जिले की आधिकारिक वैबसाइट (hpkinnaur.nic.in) पर जाकर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे बिना अंतिम अनुमति के आगे न बढ़ें और प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करें। मौसम और मार्ग की अनिश्चितता को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाते समय एक से दो अतिरिक्त दिनों का समय (बफर टाइम) लेकर चलें।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

