अवैध निर्माण पर जाखू में भवन मालिक का बिजली-पानी कट

punjabkesari.in Saturday, Sep 08, 2018 - 11:41 AM (IST)

 

शिमला : राजधानी के जाखू वार्ड में अवैध निर्माण करने पर नगर निगम ने भवन मालिक का बिजली-पानी कनैक्शन काट दिया है। निगम ने 3 दिन के भीतर नोटिस जारी कर भवन मालिक पर यह कार्रवाई अमल में लाई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन करने पर नगर निगम 3 दिन का नोटिस जारी कर बिजली-पानी का कनैक्शन काट देगा। इससे पूर्व निगम भवन मालिक को 1 महीने का समय देता था, लेकिन अब 3 दिनों के भीतर ही सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जाखू में भवन मालिक द्वारा पास किए गए नक्शे से बाहर अवैध निर्माण किया गया है।

निगम की टीम ने मौके का मुआयना किया तो भवन मालिक द्वारा पास नक्शे से अधिक निर्माण किया गया था। ऐसे में बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन करने पर निगम ने बिजली-पानी का कनैक्शन काट दिया है।  इसके बाद उक्त भवन मालिक ने स्वयं ही किए गए अवैध निर्माण को तोड़ दिया है। वहीं निगम की टीम वार्डों का निरीक्षण कर रही है तथा जहां पर भी अवैध निर्माण पाया जाएगा, उन्हें 3 दिनों का नोटिस जारी कर भवन मालिक का बिजली-पानी का कनैक्शन काट दिया जाएगा।

गौरतलब है कि नगर निगम प्रशासन ने बीते दिनों ही आदेश जारी किए थे कि नियमों के तहत जो नक्शा पास किया गया है, यदि उसमें भवन मालिक कोई छेड़छाड़ करता है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निगम की टीम वार्डों का कर रही विजिट
नगर निगम की टीम वार्ड स्तर पर विजिट कर अवैध निर्माण पर शिकंजा कस रही है। इसके तहत निगम की टीम रोजाना वार्डों में अवैध निर्माण पर पैनी नजर बनाए हुए है। वहीं नगर निगम प्रशासन के पास रोजाना शहर के विभिन्न हिस्सों से अवैध निर्माण करने को लेकर शिकायतें मिल रही हैं, ऐसे में निगम ने अवैध निर्माण को रोकने के लिए अब सख्त कदम उठाया है। निगम की इस कार्रवाई से शहर में अवैध निर्माण को अंजाम देने वालों में हड़कंप मच गया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kirti

Recommended News

Related News