हिमाचल के 4 नगर निगमों में अक्तूबर में होंगे मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव
punjabkesari.in Friday, Sep 22, 2023 - 11:54 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): लोकसभा चुनाव से पूर्व प्रदेश सरकार के सामने 4 नगर निगमों में अक्तूबर में होने वाले मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। शिमला को छोड़कर धर्मशाला, मंडी, सोलन व पालमपुर की नगर निगम में मेयर व डिप्टी मेयर का अढ़ाई वर्ष का कार्यकाल अक्तूबर में पूरा हो रहा है। एमसी एक्ट 1994 के अनुसार मेयर व डिप्टी मेयर को अढ़ाई वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के बाद अपने पद से त्याग पत्र देना अनिवार्य है। शहरी विकास विभाग ने 4 नगर निगम में मेयर व डिप्टी मेयर की चुनाव की डेट भी फाइनल कर दी है।
धर्मशाला, मंडी व पालमपुर नगर निगम में 13 व सोलन में 16 अक्तूबर को चुनाव
धर्मशाला, मंडी व पालमपुर नगर निगम में 13 अक्तूबर को मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव होंगे जबकि सोलन नगर निगम में 16 अक्तूबर को मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव होंगे। वर्तमान मेयर व डिप्टी मेयर को इससे पूर्व अपने पद से त्यागपत्र देना होगा। धर्मशाला व मंडी नगर निगम में जहां भाजपा का कब्जा है वहीं सोलन व पालमपुर नगर निगम पर कांग्रेस का कब्जा है। नगर निगम की सत्ता हथियाने के लिए कांग्रेस व भाजपा में वर्चस्व की जंग शुरू होने वाली है। प्रदेश में अब कांग्रेस की सरकार है, ऐसे में सरकार के सामने पालमपुर व सोलन नगर निगम की सत्ता बचाने के साथ मंडी व धर्मशाला पर कब्जा करने की भी चुनौती है। जबकि भाजपा के लिए धर्मशाला व मंडी नगर निगम की सत्ता में बने रहना किसी चुनौती से कम नहीं है।
सोलन नगर निगम में 15 अक्तूबर को समाप्त होगा मेयर-डिप्टी मेयर का कार्यकाल
डीसी सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि सोलन नगर निगम में मेयर व डिप्टी मेयर के 16 अक्तूबर को चुनाव होंगे क्योंकि मेयर व डिप्टी मेयर का 15 अक्तूबर को अढ़ाई वर्ष का कार्यकाल पूरा हो रहा है जबकि अन्य नगर निगम में यह चुनाव 13 अक्तूबर को होंगे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here