7 साल की उम्र में सिर से उठा पिता का साया, देश सेवा के जुनून ने बना दिया DSP(Video)

punjabkesari.in Wednesday, Jul 31, 2019 - 12:44 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी): मंडी जिला पुलिस के अंतर्गत थाना सुंदरनगर में कार्यरत थाना प्रभारी गुरबचन सिंह की डी.एस.पी. पद पर पदोन्नति हुई है। हिमाचल प्रदेश सरकार के गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत प्रदेश पुलिस के 10 पुलिस निरीक्षकों को डी.एस.पी. बनाया गया है। पंजाब केसरी से विशेष वार्ता के दौरान डी.एस.पी. गुरबचन सिंह ने कहा कि उनका जन्म गांव ठडोह, डाकघर भटवाड़ा, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर में हुआ था। उनके पिता गुरदीप सिंह  वर्ष 1966 में भारतीय सेना से बतौर सूबेदार सेवानिवृत हुए थे जबकि माता का नाम प्रयाग देवी है। उन्होंने कहा कि जब वह मात्र 7 वर्ष के थे तो उनके पिता का देहांत हो गया था।

देश के प्रति कार्य करने की इच्छा के चलते पुलिस में हुए भर्ती

उन्होंने कहा कि देश के प्रति कार्य करने की इच्छा और जुनून के कारण पुलिस में भर्ती होने का मन बनाया। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा पास कर प्रदेश पुलिस में अपना सफर वर्ष 1984 में बिलासपुर के लुहणू ग्राऊंड में आयोजित भर्ती उत्र्तीण कर बतौर आरक्षी फस्र्ट बटालियन जुन्गा से शुरू किया। इसके उपरांत वर्ष 1988 से 2003 तक बतौर ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर तैनात रहे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में उन्हें बतौर ए.एस.आई. के तौर पर पदोन्नति मिली और वर्ष 2007 में पालमपुर पुलिस थाना में तैनात रहे। इसके उपरांत वर्ष 2008 में बतौर एस.आई. के पद पर पदोन्नति प्राप्त कर कुल्लू सदर पुलिस स्टेशन में तैनाती पाई। वर्ष 2008 से 2011 तक एस.एच.ओ. आनी के तौर पर अपनी सेवाएं प्रदान की। वर्ष 2011 से 2014 तक एस.एच.ओ. मैक्लोडगंज व वर्ष 2014-2017 एस.एच.ओ. पालमपुर तैनात रहे।

2017 से अब तक संभाला एस.एच.ओ. सुंदरनगर का कार्यभार

उन्होंने बताया कि वह बतौर एस.एच.ओ. सुंदरनगर का कार्यभार वर्ष 2017 में संभाल कर अभी तक अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश पुलिस के लिए वर्ष 1988 से 2003 तक बॉलीवाल नैशनल टीम का प्रतिनिधित्व भी किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की विभिन्न ट्रेनिंग के दौरान हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। पुलिस विभाग में सेवाएं देने के साथ-साथ अपनी पढ़ाई को आगे बढ़ाते हुए स्नातक की डिग्री प्राप्त की। वहीं उन्होंने कहा कि मई, 2017 से सुंदरनगर थाना प्रभारी का कार्यकाल बहुत अच्छा रहा। यहां के लोगों का सहयोग लगातर प्राप्त हुआ।

जनता का सहयोग मिले तो जड़ से खत्म हो सकता है नशा

उन्होंने बताया कि डी.एस.पी. पद पर बिराजमान होने के बाद प्रदेश में बढ़ रहे नशा तस्करों और युवाओं में बढ़ रहे नशे के प्रभाव को लेकर कड़ा अभियान छेड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि अभिभावक और स्थानीय लोग अगर पुलिस का सहयोग करें तो नशे को जड़ से खत्म किया जा सकता है, साथ ही कहा कि प्रदेश में नशा फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर पर बख्शा नहीं जाएगा।

सुंदरनगर थाना को दिलाया बैस्ट पुलिस स्टेशन का अवार्ड

गुरबचन सिंह के सुंदरनगर थाना में बतौर एस.एच.ओ. कार्यकाल के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा थाना को वर्ष 2017-2018 में बैस्ट पुलिस स्टेशन के अवार्ड से भी नवाजा गया है। धर्मशाला में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश पुलिस डी.जी.पी. द्वारा उन्हें ट्रॉफी व 10 हजार रुपए नकद ईनाम से नवाजा गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News