CM वीरभद्र के टोपी न पहनने पर धूमल ने दिया ये बयान, पढ़ें खबर

punjabkesari.in Monday, Sep 18, 2017 - 12:37 AM (IST)

देहरा: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने लाल बुशहरी टोपी न पहनकर लाल बुशहरी टोपी का अपमान ही नहीं, अपितु प्रदेश का अपमान किया है जबकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचली बुशहरी टोपी को इजराइल में पहनकर बुशहर प्रदेश एवं देश का मान बढ़ाया था। उक्त शब्द पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने देहरा में पत्रकार वार्ता के दौरान कहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आगामी विधानसभा चुनावों में जीत का दावा कर रहे हैं और खुद चुनाव न लड़ने की बात कर रहे हैं। वह पहले अपना चुनाव लडऩे या न लड़ने का तय कर लें उसके बाद में कांग्रेस की जीत की बात करें। उन्होंने कहा कि चुनावों के नजदीक मुख्यमंत्री विकास की एवं सरकारी नौकरियों की झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। प्रदेश में चुनाव आचार संहिता लगने वाली है, ऐसे में मुख्यमंत्री प्रदेश के युवाओं को कैसी नौकरियों देने वाले हैं।

प्रदेश में विकास कार्यों के लिए कहां से धन लाएगी सरकार 
उन्होंने कहा कि जिस सरकार को प्रदेश के कर्मचारियों को 4 प्रतिशत डी.ए. देने के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है वह प्रदेश में विकास कार्यों के लिए कहां से धन लाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश के लिए करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की घोषणाएं की हैं परंतु प्रदेश सरकार इन विकास कार्यों की डी.पी.आर. तक तैयार नहीं कर पाई है। केंद्रीय विश्वविद्यालय के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जब से कांग्रेस सरकार सत्ता में आई है तब से सी.यू. को देहरा एवं धर्मशाला में उलझा कर रखा है। 

मुख्यमंत्री एवं उनकी सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में संलिप्त
पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप्प पड़े हैं मुख्यमंत्री एवं उनकी सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में संलिप्त है। प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार को प्रदेश से उखाडऩे का मन बना लिया है। इससे पहले उन्होंने देहरा के शहीद भुवनेश डोगरा स्टेडियम में बाबा कांजु पीर दंगल कमेटी द्वारा आयोजित दंगल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर देहरा के विधायक रविंद्र रवि, पूर्व विधायक रमेश ध्वाला, जिलाध्यक्ष नरेश चौहान एवं महासचिव अरविंद धीमान सहित अन्य गण्यमान्य उपस्थित रहे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News