Kangra: धर्मशाला साई सैंटर की पुष्पा बनीं भारतीय कबड्डी टीम की कप्तान
punjabkesari.in Thursday, Aug 27, 2026 - 09:32 PM (IST)
धर्मशाला (सुनील): भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र धर्मशाला की होनहार खिलाड़ी पुष्पा को 20वें एशियाई खेलों के लिए भारतीय महिला कबड्डी टीम की कमान सौंपी गई है। पिछले साल टीम की उप-कप्तान रहीं हिमाचल की इस बेटी को अब पूरी टीम का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी मिली है। जापान के आइची-नागोया में 19 सितम्बर से 4 अक्तूबर 2026 तक होने वाले इन एशियाई खेलों के लिए घोषित 12 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम में धर्मशाला सैंटर की तीन खिलाड़ियों पुष्पा, ज्योति और भावना ने अपनी जगह बनाई है। एक छोटे से गांव से निकलकर पिछले 12 सालों से कबड्डी के मैदान में पसीना बहा रही पुष्पा का यह सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है।
वे अब तक 3 एशियाई खेल और 1 विश्व कप खेल चुकी हैं। यह लगातार 5वां मौका है जब उनका चयन एशियाई खेलों के लिए हुआ है और इस बार वे बतौर कप्तान देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। साई धर्मशाला के प्रभारी जे.पी. शाहनी ने इसे केंद्र के इतिहास का सबसे ऐतिहासिक पल बताया है। वहीं, पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच पूजा ठाकुर ने कहा कि पुष्पा की यह उपलब्धि प्रदेश और देश के लिए बेहद गर्व की बात है।
भारतीय महिला कबड्डी टीम कप्तान पुष्पा राणा का कहना है कि भारतीय टीम की कप्तानी मिलना मेरे और मेरे परिवार के लिए बेहद गर्व की बात है। हमारी टीम काफी मजबूत है और कैंप में सभी खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर रही हैं। हमारा एकमात्र लक्ष्य भारत के लिए गोल्ड मैडल जीतना है। इस मुकाम तक पहुंचने में मेरे कोच का बड़ा योगदान रहा है।

