Kangra: साइबर ठगी पर धर्मशाला पुलिस ने पकड़े 6 आरोपी, 14.70 लाख रुपए बरामद

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 07:37 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): साइबर क्राइम पुलिस थाना उत्तरी रेंज धर्मशाला ने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 मामलों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की 14 लाख 70 हजार रुपए की राशि बरामद की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष जांच टीमों को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और कर्नाटक भेजा गया था। पुलिस के अनुसार मई 2026 में दर्ज 32 लाख रुपए की फर्जी निवेश ठगी के मामले में हैड कांस्टेबल अमित कुमार और कांस्टेबल ओंकार सिंह की टीम ने कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित इलैक्ट्रॉनिक सिटी थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश दी। इस दौरान आरोपी खाताधारक अबू सलिया निवासी बेंगलुरु को गिरफ्तार कर 7 लाख रुपए की राशि बरामद की गई। मार्च 2024 में दर्ज 8 लाख रुपए की फर्जी निवेश धोखाधड़ी के मामले में इंस्पैक्टर कमलेश कुमार, हैड कांस्टेबल अमित कटोच, हैड कांस्टेबल अनीश कुमार और कांस्टेबल अनुज पराशर की टीम ने उत्तर दिल्ली निवासी आरोपी निशा को गिरफ्तार किया।

इस मामले में पुलिस ने 5 लाख रुपए बरामद किए। इसके अलावा दिसम्बर 2025 में दर्ज 50 लाख रुपए की फर्जी निवेश ठगी के मामले में इंस्पैक्टर सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने 18 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश के आगरा में स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी राज कुमारी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस मामले में 2 लाख 70 हजार रुपए की राशि बरामद की। जांच टीमों ने आगरा से दो अन्य आरोपियों और पूर्वी दिल्ली से एक आरोपी खाताधारक को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील किए गए हैं। पुलिस के अनुसार तीन मामलों में जांच अभी जारी है।

फर्जी निवेश योजनाओं से रहें सावधान
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर चल रही फर्जी निवेश योजनाओं और कम समय में ज्यादा मुनाफे का लालच देने वाले ऑफर से सावधान रहें। किसी भी अनजान लिंक, संदिग्ध निवेश प्लेटफॉर्म या आकर्षक ऑफर पर भरोसा न करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News