Kangra: केंद्र सरकार को कोसने में बिताए कांग्रेस सरकार ने साढ़े तीन साल : बिंदल

punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 05:16 PM (IST)

धर्मशाला (विवेक): भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश की जनता की सेवा करने के लिए दिए गए मैंडेट का इस्तेमाल प्रदेश की सरकार द्वारा अपने मित्रों की सेवा करने में किया जा रहा है। जिला कांगड़ा दौरे पर आए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने रविवार को धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार में चेयरमैन, एडवाइजर, शिमला सचिवालय में बढ़े ऑफिस बनाने, हैलीकॉप्टर चलाने और हैलीपोर्ट बनाने व अनावश्यक खर्चाें के लिए प्रदेश सरकार के पास पैसे हैं, लेकिन सड़क बनाने, बिजली की तार जोड़ने, पानी की पाइप जोड़ने, अस्पताल की दवाई उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार के पास पैसे नहीं हैं।

हिमकेयर योजना चलाने के लिए प्रदेश सरकार के पास पैसे नहीं हैं। प्रदेश की सुक्खू सरकार पर कहा कि सत्ता प्राप्ति के लिए कई आडंबर करने वाली प्रदेश की सुक्खू सरकार, प्रदेश में एक भी विकास कार्य अपने पैसे से नहीं करवा पाई है। सरकार का साढ़े 3 साल का कार्यकाल केवल केंद्र सरकार और भाजपा को कोसने में बीत गया है। प्रदेश की सुक्खू सरकार की एक भी उपलब्धि नहीं है, जिसे जनता के सामने रख सके।

पूर्व यूपीए सरकार में 22 लाख करोड़ के घोटाले आए सामने
डा. बिंदल ने आरोप लगाया कि पूर्व यूपीए सरकार में 22 लाख करोड़ रुपए के घोटाले सामने आए थे, जिससे उस समय के बजट प्रभावित हुए जबकि मोदी सरकार ने डिजिटल माध्यम से लाभार्थियों तक राशि पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता प्राप्ति के लिए आडंबर करने वाली कांग्रेस को प्रदेश की जनता आईना दिखाएगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News