Kangra: झूठी गारंटियों में पूरी तरह फेल हुई कांग्रेस सरकार : अनुराग ठाकुर
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 08:01 PM (IST)
बैजनाथ/गग्गल (सुरिन्द्र/वीरेंद्र): पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर कहा कि प्रदेश की जनता अब झूठी गारंटियों और अधूरे वायदों का जवाब पंचायत चुनावों में देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार 3 वर्ष पहले बड़े-बड़े दावे और गारंटियां देकर सत्ता में आई थी, लेकिन आज प्रदेश को भारी कर्ज में डुबो दिया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर लगभग 1 लाख 12 हजार करोड़ रुपए का कर्ज हो चुका है। यदि इस राशि को 25 लाख परिवारों में बांटा जाए तो हर परिवार पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता है। अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 5 लाख नौकरियां देने, महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए देने और बेरोजगारी भत्ता देने जैसी घोषणाएं की थीं, लेकिन इनमें से कोई भी वायदा धरातल पर पूरा नहीं हुआ। अनुराग ठाकुर ने हिमाचली कहावत का जिक्र करते हुए कहा कि अब “चिंडू बडने” का समय आ गया है और कांग्रेस को अपनी गारंटियां पूरी करनी होंगी, अन्यथा जनता चुनावों में इसका खामियाजा तय करेगी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस को भारी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों से चुने जाने वाले प्रतिनिधि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं और हर 5 वर्ष बाद जनता को सरकार को अपना संदेश देने का अवसर मिलता है।
सांसद ने हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि चालक और परिचालक कठिन परिस्थितियों में भी यात्रियों को समय पर गंतव्य तक पहुंचाते हैं, लेकिन उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा। इसके लिए उन्होंने प्रदेश सरकार की नाकामी और निकम्मेपन को जिम्मेदार ठहराया। अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार हर निर्णय से पहले खजाना खाली होने की बात करती है, लेकिन मित्रों के लिए गाड़ियां खरीदने, वेतन बढ़ाने और सरकारी आवासों के नवीनीकरण के लिए धन उपलब्ध हो जाता है, जबकि कर्मचारियों के वेतन, पैंशनरों के भुगतान और विकास कार्यों के लिए खजाना खाली बताया जाता है। रेल परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने और सांसद राजीव भारद्वाज ने रेल मंत्री से विभिन्न परियोजनाओं को लेकर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि नंगल-तलवाड़ा रेल लाइन से हिमाचल का संपर्क पठानकोट और दिल्ली सहित देश के अन्य हिस्सों से मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा को ज्वालाजी और कांगड़ा के माध्यम से रेल लाइन से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नीट विवाद पर कहा -जांच के बाद सामने आएंगे तथ्य
वहीं, गग्गल हवाई अड्डे पर बुधवार को पहुंचे भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए नीट परीक्षा विवाद, ईंधन बचत अभियान और नगर निगम चुनावों सहित विभिन्न मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। नीट परीक्षा को लेकर उठ रहे सवालों पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि मामले की जांच केंद्रीय एजैंसी कर रही है और जल्द ही सभी तथ्य स्पष्ट हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी। प्रधानमंत्री द्वारा अपने काफिले और यात्रा कार्यक्रमों में कटौती किए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह देशहित में दिया गया एक बड़ा संदेश है। सीबीआई डायरैक्टर को एक्सटैंशन दिए जाने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आपत्ति पर तंज कसते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी इन दिनों केरल में मुख्यमंत्री चुनने में व्यस्त हैं, जहां उनके और प्रियंका गांधी के खिलाफ पोस्टर लगे हुए हैं। उन्होंने लोगों से भाजपा को समर्थन देने और धर्मशाला में भाजपा का नगर निगम बनाने की अपील की।

