Kangra: नगरोटा बगवां नगर परिषद पर भाजपा काबिज, कांग्रेस समर्थित राहुल धीमान बनेंगे प्रधान
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 06:53 PM (IST)
नगरोटा बगवां (दुसेजा): नगरोटा बगवां नगर परिषद पर भाजपा ने कब्जा जमा लिया है। हालांकि परिषद में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की बढ़त के बावजूद प्रधान पद पर कांग्रेस समर्थित राहुल धीमान विराजमान होंगे। प्रधान पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित होने के चलते राहुल धीमान इस वर्ग से एकमात्र विजेता उम्मीदवार हैं। नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस समर्थित 2, भाजपा समर्थित 4 तथा एक निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।
वार्ड नंबर-1 से राकेश कायस्था ने 378 वोट लेकर मदन लाल को 217 मतों से हराया, जबकि 7 वोट नोटा को पड़े। वार्ड नंबर-2 में सपना कटोच ने कांटे की टक्कर में पूजा देवी को 8 मतों से पराजित किया। सपना को 269 वोट मिले, जबकि एक वोट नोटा को पड़ा। वार्ड नंबर-3 में बेहद रोचक मुकाबला देखने को मिला, जहां आशा कुमारी ने ममता को मात्र एक वोट से हराया। आशा को 146, ममता को 145 और अंजना गिल को 117 वोट मिले, जबकि 3 वोट नोटा को पड़े।
वार्ड नंबर-4 में 4 उम्मीदवार मैदान में थे। राहुल धीमान ने 216 वोट हासिल कर बिशन दास को 44 मतों से हराया। वहीं अर्जुन को 72 और दूसरे प्रत्याशी राहुल को 36 वोट मिले। वार्ड नंबर-5 में मधु शर्मा ने 371 वोट प्राप्त कर सुभद्रा देवी को 224 मतों से मात दी। रानी परमार को 30 वोट मिले तथा 4 वोट नोटा को पड़े। वार्ड नंबर-6 से दीपशिखा ने 300 वोट लेकर कांता मेहरा को 87 मतों से हराकर जीत दर्ज की, जबकि 3 वोट नोटा को मिले। वार्ड नंबर-7 में मुकेश मेहता ने 213 वोट हासिल कर रजनी कायस्था को 19 मतों से पराजित किया।

