हिमाचल का वो मंजर जिसने हर आंख कर दी नम! एक साथ उठीं 6 नौजवानों की अर्थियां, कांपते हाथों से भाइयों ने दी मुखाग्नि
punjabkesari.in Thursday, Nov 19, 2026 - 07:24 PM (IST)
लडभड़ोल (भारद्वाज): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के लडभड़ोल क्षेत्र में हुए सड़क हादसे ने इलाके के 6 परिवारों को ऐसा गहरा और ताउम्र रिसने वाला जख्म दे दिया है, जिसकी भरपाई शायद ही कभी हो सके। जिन घरों के आंगन में कुछ दिन पहले तक जवान बेटों की हंसी-ठिठोली और चहल-पहल गूंजती थी, वहां आज सिर्फ मातमी सन्नाटा और परिजनों की सिसकियां सुनाई दे रही हैं। वीरवार को जब इस दर्दनाक हादसे में असमय काल का ग्रास बने 6 युवाओं की अंतिम यात्राएं एक साथ निकलीं तो समूचा लडभड़ोल क्षेत्र शोक के सागर में डूब गया। हर तरफ मची चीख-पुकार के बीच अलग-अलग श्मशानघाटों पर इन सभी युवाओं का अंतिम संस्कार किया गया।
त्रिवेणी और कुड घाट पर पंचतत्व में विलीन हुए युवा
इस घटना में जान गंवाने वाले यश, आयुष और अनुज का अंतिम संस्कार वीरवार को त्रिवेणी घाट पर एक साथ संपन्न हुआ। जब तीनों युवाओं की अर्थियां एक साथ घाट पर पहुंचीं, तो वहां मौजूद हर शख्स का कलेजा फट पड़ा। सबसे भावुक और झकझोर देने वाला मंजर उस वक्त सामने आया, जब अपने ही भाइयों को अंतिम विदाई देने के लिए उनके भाइयों को कांपते हाथों से आगे आना पड़ा। यश और अनुज की चिता को उनके छोटे भाइयों ने मुखाग्नि दी, जबकि आयुष को उसके बड़े भाई ने मुखाग्नि देकर हमेशा के लिए अलविदा कहा। वहीं, हादसे का शिकार हुए तीन अन्य युवाओं पंकज, आदित्य और अरनव का अंतिम संस्कार कुड स्थित श्मशानघाट में किया गया। यहां भी अपने जवान बेटों को खोने वाले माता-पिता और परिजनों का विलाप सुनकर हर किसी की आंखें छलक पड़ीं।
अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, हर आंख से बहे आंसू
इन छह होनहार युवाओं की अंतिम यात्रा में लडभड़ोल सहित आसपास के दर्जनों गांवों से सैंकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। श्मशानघाटों पर पहुंचे रिश्तेदारों, परिचितों और ग्रामीणों के लिए अपने आंसू रोक पाना मुश्किल हो रहा था। हर कोई इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा नजर आया और उन्हें ढांढस बंधाने का प्रयास करता रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी कम उम्र में एक ही क्षेत्र के 6 नौजवानों का एक साथ दुनिया से चले जाना पूरे इलाके के लिए कभी न भुलाया जा सकने वाला आघात है, जिसने हर दिल को भीतर तक तोड़ कर रख दिया है।
दोपहर बाद बंद रहा लडभड़ोल बाजार
इस भीषण त्रासदी के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने और पीड़ित परिवारों के दुख में सहभागी बनने के लिए लडभड़ोल के व्यापारियों ने भी मिसाल पेश की। वीरवार को दोपहर दो बजे से लेकर शाम तक लडभड़ोल बाजार पूरी तरह से बंद रखा गया। स्थानीय कारोबारियों ने स्वेच्छा से अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखकर दिवंगत युवाओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दोपहर बाद पूरे बाजार में पसरा गहरा सन्नाटा क्षेत्र में व्याप्त गमगीन माहौल की कहानी खुद बयां कर रहा था।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

