Kangra: किसानों के मुद्दों पर सड़कों पर उतरेगा भाजपा किसान मोर्चा : डॉ. बिंदल
punjabkesari.in Thursday, Nov 19, 2026 - 06:15 PM (IST)
देहरा (सेठी/राजीव): भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों के हितों की लड़ाई भाजपा किसान मोर्चा सड़कों पर उतरकर लड़ेगा। देहरा स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं और सरकार की कथित किसान विरोधी नीतियों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद बंसी लाल गुर्जर, प्रदेशाध्यक्ष संजीव देष्टा, भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन और पूर्व विधायक होशियार सिंह भी मौजूद रहे। डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान किसानों से 100 रुपये प्रति लीटर दूध खरीदने और हर घर से दूध लेने का वादा किया था, लेकिन चार साल बाद भी इसे पूरा नहीं किया गया। उन्होंने किसानों को समय पर बीज और कीटनाशक उपलब्ध न होने तथा उपज के लिए उचित बाजार व्यवस्था नहीं होने पर भी सरकार को घेरा।
किसान सम्मान निधि के लिए पीएम मोदी का जताया आभार
उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि हिमाचल के करीब नौ लाख किसानों को अब तक 24 किस्तों के माध्यम से लगभग 48 हजार रुपये प्रति किसान की सहायता मिल चुकी है।
सुंदर सिंह ठाकुर के बयान पर कसा तंज
कांग्रेस नेता सुंदर सिंह ठाकुर के बयान पर तंज कसते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई अब खुलकर सामने आ रही है। वहीं, नए जिलों के गठन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी तो कांग्रेस ही आपस में लड़ रही है, बाकी वक्त बताएगा।

