विधानसभा : सीर खड्ड पुल से छलांग लगाने वाली दोनों बच्चियों की मौत मामले की जांच करेंगे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी
punjabkesari.in Thursday, Nov 19, 2026 - 08:34 PM (IST)
तपोवन (धर्मशाला) (भूपिन्द्र): घुमारवीं में सीर खड्ड पुल से छलांग लगाकर जान गंवाने वाली 2 स्कूली बच्चियों की मौत के मामले की जांच अब वरिष्ठ पुलिस अधिकारी करेंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार को विधानसभा में कहा कि इस संबंध में डीजीपी को निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है। दोनों बच्चियों के इंस्टाग्राम अकाऊंट भी खंगाले जा रहे हैं। उनकी चैटिंग और अन्य डिजिटल डाटा भी जुटाया जा रहा है। वह विधानसभा में विधायक त्रिलोक जम्वाल की ओर से उठाए गए इस मामले का जवाब दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद दिल दहला देने वाला बताते हुए कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के प्रति अपराधों को लेकर गंभीर है और इस मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। त्रिलोक जम्वाल ने आशंका जताई कि इस घटना के पीछे किसी गिरोह की भूमिका भी हो सकती है। इसलिए मामले की व्यापक और निष्पक्ष जांच जरूरी है। जम्वाल ने बरमाणा थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चिट्टा माफिया के दबाव में महिलाओं के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं। विरोध के बाद थाना प्रभारी को हटाया गया था, लेकिन 15 दिन बाद दोबारा उसी थाने में तैनाती दे दी गई। उन्होंने थाना प्रभारी को तत्काल हटाने की मांग की।
जयराम ने की एसआईटी गठन की मांग
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि इसकी तह तक पहुंचने के लिए विशेष जांच दल (एस.आई.टी.) का गठन किया जाना चाहिए। उन्होंने इस मामले को गंभीर व दर्दनाक बताया तथा कहा कि सरकार इस मामले की रूटीन जांच न करे, इसकी जांच के लिए एस.आई.टी. का गठन किया जाए और इस मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को सौंपी जाए।
एक ही समय पर हो रही हैं कई प्रतियोगी परीक्षाएं : डा. हंस राज
सदन में विधायक डा. हंस राज ने एक ही समय में कई प्रतियोगी परीक्षाओं के होने का मामला उठाया तथा कहा कि परीक्षाओं की तारीखें आपस में टकरा रही हैं। उन्होंने कहा कि पटवारी की परीक्षा 23 व 30 नवम्बर को है। इसी दौरान पुलिस का ग्राऊंड टैस्ट है, साथ ही टैट की परीक्षा भी 22 व 29 तारीख को है। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की परीक्षाएं भी 22, 29 व 30 तारीख को हैं।
इसी दौरान हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की परीक्षाएं भी हो रही हैं। इस पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि बात ध्यान में लाई गई है। उन्होंने कहा कि पटवारियों की परीक्षा के लिए 1.90 लाख आवेदन आए हैं। इनको परीक्षा केंद्र भी आबंटित कर दिए गए है, ऐसे में इनकी परीक्षा तिथि को बदलना संभव नहीं है। ऐसे में अन्य परीक्षाओं की तिथियों को एडजस्ट किया जाएगा।

