Sirmaur: नशे के खिलाफ शिकंजा, नौहराधार-राजगढ़ रोड पर 10.54 ग्राम चिट्टे सहित 2 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 05:07 PM (IST)

नाहन (आशु): जिला सिरमौर पुलिस को नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। डिटैक्शन सैल नाहन की टीम ने नौहराधार-राजगढ़ रोड पर केयर नाला के समीप नाकाबंदी के दौरान 2 आरोपियों को 10.54 ग्राम नशीले पदार्थ (चिट्टा) के साथ दबोचा है। 

जानकारी के डिटैक्शन सैल नाहन की टीम ने नाकाबंदी के दौरान दो व्यक्तियों को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर जांच के लिए रोका और जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से 10.54 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज वर्मा (38) पुत्र ईश्वर दास वर्मा, निवासी गांव व डाकघर नौहराधार, जिला सिरमौर और सतीश कुमार (41) पुत्र सुलैना सिंह, निवासी गांव व डाकघर बल्लाह, तहसील असंध, जिला करनाल (हरियाणा) के रूप में हुई है।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना संगड़ाह में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। फिलहाल, पुलिस रिमांड के दौरान इस बात की गहनता से जांच की जा रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लाए थे और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। पुलिस इस पूरे नेटवर्क को तोड़ने और मुख्य आपूर्तिकर्ताओं तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

एसपी एनएस नेगी ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि सिरमौर पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पूरी तरह से सख्त है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में यह अभियान भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News