Sirmaur: नैशनल हाईवे-07 पर कोयले की राख से भरे ट्राले में लगी आग, लाखों रुपए का नुक्सान

punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 07:30 PM (IST)

नाहन (आशु): नैशनल हाईवे-7 पर दोसड़का में कोयला राख से भरे एक ट्राले में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में ट्राले का कैबिन पूरी तरह लपटों में घिर गया। अग्निशमन केंद्र नाहन से मिली जानकारी के अनुसार आग ट्राले के अगले हिस्से में लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही लीडिंग फायरमैन रमेश चंद के नेतृत्व में टीम फायर टैंडर के साथ मौके पर पहुंची। टीम में अरुण शर्मा, कंवर सिंह और अमित भी शामिल रहे, जिन्होंने आग पर काबू पाया।

यह ट्राला श्रीराम कंपनी उदयपुर (जम्मू) का बताया जा रहा है, जिसे चालक चैन सिंह चला रहा था। आग लगने का पता चलते ही चालक ने वाहन से बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित कर लिया। गनीमत रही कि आग ट्राले के पीछे के हिस्से तक नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा नुक्सान हो सकता था। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस घटना में ट्राले का कैबिन, इंजन की वायरिंग और एक टायर जलकर नष्ट हो गया, जिससे करीब 3 लाख रुपए का नुक्सान आंका गया है। 

फायर ऑफिसर राम कुमार शर्मा ने बताया कि वाहन चालकों को समय-समय पर वाहनों की वायरिंग और इंजन की जांच जरूर करवानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News