Sirmaur: पांवटा साहिब में अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, राजस्थान का रहने वाला है आरोपी
punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 07:49 PM (IST)
पांवटा साहिब (कपिल): जिला सिरमौर पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआईयू) नाहन ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पांवटा साहिब थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए राजस्थान निवासी एक तस्कर को 174 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार एसआईयू टीम को तस्करी के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहन लाल गादरी (45), पुत्र चतर्भुज गादरी, निवासी गांव नंदसाह/खालसा, तहसील शारदा, जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) को दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 174 ग्राम अफीम बरामद की। जांच में सामने आया कि आरोपी काफी समय से पांवटा साहिब में रह रहा था। वह यहां जसविंदर सिंह के मकान में बतौर किरायेदार रह रहा था।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच जारी है, ताकि इस तस्करी के नैटवर्क और आरोपी के अन्य संपर्कों का पता लगाया जा सके।

