Sirmaur: नैशनल हाईवे-07 पर बस-ट्रक की टक्कर, शीशा तोड़कर बाहर निकले यात्री

punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 06:56 PM (IST)

नाहन (आशु): जिला सिरमौर के पुलिस थाना सदर नाहन क्षेत्र में रविवार को कालाअम्ब-दोसड़का-पांवटा साहिब नैशनल हाईवे-07 पर खजुरना पुल के समीप एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उत्तराखंड परिवहन निगम की बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद बस का दरवाजा लॉक हो गया, जिससे यात्री अंदर ही फंस गए। ऐसे में बस के अगले शीशे का एक हिस्सा तोड़कर यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हलचल जरूर मची, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए और किसी को चोट नहीं आई।

पुलिस के अनुसार बस पांवटा साहिब से दोसड़का की ओर आ रही थी। इसी दौरान नाहन की तरफ से पांवटा साहिब की ओर जा रहा एक लोडेड ट्रक सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक को क्रॉस कर रहा था। इसी बीच दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। प्रारंभिक तौर पर यह भी सामने आया है कि बस चालक द्वारा समय रहते वाहन को साइड न देने से हादसा हुआ।

टक्कर के चलते बस का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया और यात्री घबरा गए। इसके बाद कंडक्टर साइड का शीशा तोड़कर मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए यात्रियों को बाहर निकालने में सहयोग किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News