Solan: नालागढ़ में सड़क हादसे, अज्ञात पिकअप और लापरवाह कार चालक ने ली 2 बाइक सवारों की जान

punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 11:50 PM (IST)

बीबीएन (शेर सिंह): औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में हुए अलग-अलग हादसों में 2 बाइक सवारों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहला हादसा दोलोवाल महादेव के समीप पंजेहरा-नालागढ़ सड़क पर पेश आया। जानकारी के अनुसार एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप चालक ने लापरवाही से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में बाइक सवार जस्सी उर्फ जसविन्द्र पुत्र कर्मचंद निवासी गांव बासोवाल सुल्तानी, डाकघर बरुणा व तहसील नालागढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आवश्यक साक्ष्य जुटाए और दुर्घटनास्थल की फोटोग्राफी की। क्षतिग्रस्त बाइक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

दूसरा हादसा सरसा नदी पुल जगातखाना के समीप हुआ। यहां एक कार चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही बरतते हुए गलत दिशा में जाकर सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चालक दिलप्रीत सिंह पुत्र रणजीत सिंह निवासी गांव बैहरमपुर, डाकघर मण्झोली व तहसील नालागढ़ गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत नालागढ़ अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। कार चालक की पहचान विकास पुत्र प्रदीप कुमार निवासी जौड़ा फाटक, अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है।

दोनों घटनाओं की पुष्टि करते हुए एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामलों में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिए हैं और आगामी जांच जारी है। एक मामले में आरोपी चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है, वहीं दूसरे मामले में आरोपी की पहचान हो चुकी है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें ताकि ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News