Solan: नालागढ़ में फायरिंग मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 08:50 PM (IST)

बीबीएन (शेर सिंह): नालागढ़ में मार्च में हुए फायरिंग के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नालागढ़ में हुई फायरिंग की एक घटना के संबंध में पुलिस थाना नालागढ़ में 17 मार्च, 2026 को मामला दर्ज किया गया था, जिसमें एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर गोली मारने की वारदात सामने आई थी। घटना में घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रैफर किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दिशांत उर्फ दिशू को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था और वारदात में प्रयुक्त अवैध हथियार (देसी कट्टा) भी बरामद कर लिया गया था।

आगे की जांच के दौरान मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका भी सामने आई, जिसके आधार पर निरंतर प्रयास जारी रखे गए। इसी क्रम में पुलिस थाना नालागढ़ की टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण व गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी ताज मोहम्मद पुत्र रोशनदीन निवासी मियांपुर, जिला रूपनगर पंजाब को गिरफ्तार किया गया। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ताज मोहम्मद को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन के न्यायिक हिरासत पर भेजा गया है तथा मामले में आगामी अन्वेषण कार्रवाई जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News