Solan: हैरोइन की खेप के साथ नाइजीरियाई सप्लायर गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 06:54 PM (IST)

सोलन (अमित): पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत एक अंतर्राज्यीय ड्रग नैटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने नैटवर्क के अहम सप्लायर 42 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक यूजीन चिनवेउबा को गिरफ्तार किया है। एस.पी. सोलन अभिषेक सेकर ने बताया कि 20 अप्रैल को थाना सदर सोलन में एक मामला दर्ज हुआ था। इसमें पुलिस ने 3 आरोपियों (2 बिहार और एक नेपाली नागरिक) के कब्जे से 9.93 ग्राम हैरोइन बरामद की थी। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने ड्रग सप्लाई चेन के बैकवर्ड लिंक खंगालने शुरू किए, जिससे इस नैटवर्क की कड़ियां दिल्ली तक जुड़ी मिलीं।

उसके बाद 22 अप्रैल को थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम दिल्ली रवाना की गई। दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी के दौरान यूजीन चिनवेउबा को उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 229 ग्राम हैरोइन और एक इलैक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया।

एसपी ने बताया कि शुरूआती जांच में आरोपी ड्रग नैटवर्क का एक प्रमुख सप्लायर पाया गया है, जो विभिन्न राज्यों में नशे की सप्लाई करता था। विदेशी नागरिक होने के चलते आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21 और 29 के साथ-साथ विदेशी अधिनियम की धारा 14 भी जोड़ी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News