हिमाचल के 6 बार CM रहे स्व. वीरभद्र सिंह को याद कर नम हुईं दिग्गजों की आंखें, विक्रमादित्य ने रिज मैदान पर किया नमन

punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 07:31 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के 6 बार के मुख्यमंत्री रहे स्व. वीरभद्र सिंह की 5वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को राजधानी शिमला ने उन्हें नम आंखों से याद किया। आधुनिक हिमाचल के शिल्पी माने जाने वाले स्व. वीरभद्र सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि देने के लिए ऐतिहासिक रिज मैदान से लेकर कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन तक विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

रिज मैदान पर विक्रमादित्य ने किया पिता की प्रतिमा को नमन
ऐतिहासिक रिज मैदान पर स्थापित स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा पर उनके पुत्र एवं प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस भावुक पल में शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान, विधायक हरीश जनारथा सहित कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं और कार्यकर्त्ताओं ने भी अपने प्रिय नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह का दिखाया विकास का मार्ग आज भी प्रदेश के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। उनका एकमात्र सपना प्रदेश के हर क्षेत्र और समाज के हर वर्ग का एक समान विकास करना था। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार उनके अधूरे सपनों को पूरा करने और हिमाचल को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेश के नवनिर्माण को याद करते हुए कहा कि जहां प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार को कभी भुलाया नहीं जा सकता, वहीं आधुनिक हिमाचल के शिल्पी के तौर पर वीरभद्र सिंह हमेशा याद रखे जाएंगे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. ठाकुर राम लाल सहित सभी नेताओं के योगदान को भी याद किया और कहा कि हमें इन नेताओं के दिखाए रास्ते पर चलकर देश व प्रदेश की एकता और अखंडता के लिए काम करना होगा।

वीरभद्र सिंह के दर से कोई फरियादी खाली हाथ नहीं लौटा : विनय कुमार
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में भी पुण्यतिथि के अवसर पर एक विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह के विकास कार्यों को अंकों में नहीं गिना जा सकता। उनके असंख्य कार्यों की बदौलत ही आज प्रदेश आधुनिक हिमाचल के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसा विराट व्यक्तित्व सदियों में एक बार जन्म लेता है, जिनका प्रेम उन्हें लोगों के दिलों से जोड़ता था। उनके पास जो भी फरियादी गया, वह कभी खाली हाथ नहीं लौटा। इस अवसर पर लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा, मुख्यमंत्री के आईटी सलाहकार गोकुल बुटेल, कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा, संगठन महामंत्री विनोद जिंटा, उप-महापौर उमा कौशल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष छतर सिंह, शिमला जिला ग्रामीण अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल और शहरी अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह मौजूद रहे। इनके अलावा महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, अनुसूचित जाति विभाग और किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्त्ताओं ने भी स्व. वीरभद्र सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।

वीरभद्र सिंह के मार्गदर्शन में रखा था राजनीति में कदम : हरीश जनारथा
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने राजनीति में कदम वीरभद्र सिंह के मार्गदर्शन में ही रखा था। उनका नेतृत्व, गरीबों का दर्द समझना और उसे दूर करने की सोच आज भी हमारा पथ प्रदर्शित कर रही है। वहीं, शिमला नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि वीरभद्र सिंह अपने आप में एक ऐसी 'संस्था' थे, जिनमें सबको साथ लेकर चलने की अद्भुत क्षमता थी। प्रदेश के विकास में उनका योगदान अतुल्य है। आज उनकी पुण्यतिथि पर हमें उनके दिखाए रास्ते का अनुसरण करने की शपथ लेनी चाहिए।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News