Himachal: कांग्रेस की आम सभा से पहले दिल्ली पहुंचे CM सुक्खू, मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की अटकलें तेज
punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 09:54 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में होने वाली कांग्रेस की आम सभा से ठीक पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली पहुंच गए हैं। उनके इस दौरे से फिर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और अध्यक्ष-उपाध्यक्षों की ताजपोशी को लेकर सियासत तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री दिल्ली में कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं से सत्ता-संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा करने के बाद शनिवार को शिमला लौट आएंगे।
यदि हाईकमान प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को अनुमति देता है तो खाली पड़े मंत्री के एक पद को शीघ्र भरा जा सकता है। इसी तरह विधानसभा के आगामी मानसून सत्र में विधानसभा उपाध्यक्ष के खाली पड़े पद को भी भरा जा सकता है। इसी तरह यदि हाईकमान किसी मंत्री के कामकाज से संतुष्ट नजर नहीं आता तो उसके स्थान पर किसी दूसरे की ताजपोशी भी हो सकती है। इस तरह आगामी वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस सत्ता और संगठन के स्तर पर सभी कमजोर कड़ियों को ठीक करना चाहता है। इस बीच कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल भी शनिवार को शिमला पहुंच रही हैं। उनके शिमला दौरे के दौरान पार्टी के धर्मशाला सम्मेलन को लेकर कोई निर्णय लिया जा सकता है।
शिमला में 2 दिन कांग्रेस करेगी मंथन
उल्लेखनीय है कि शिमला में कांग्रेस 4 और 5 जुलाई को लगातार 2 दिन मंथन करने जा रही है। इसके तहत पहले दिन शनिवार को आम सभा यानी जनरल हाऊस प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार की अध्यक्षता में होगा, जिसमें प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी चेतन चौहान व विदित चौधरी विशेष तौर पर मौजूद रहेंगे। आम सभा में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्रिमंडल के सदस्य, कांग्रेस विधायक, विधानसभा चुनाव लड़े प्रत्याशी, पीसीसी पदाधिकारी, कार्यकारणी सदस्य, जिला व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों व विभागों के राज्य प्रमुख भी भाग लेंगे। आम सभा के उपरांत रजनी पाटिल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगी। उसके बाद 5 जुलाई को महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, अनुसूचित जाति विभाग और कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राज्य कार्यकारिणी के साथ भी रजनी पाटिल बैठकें करेंगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

