कांग्रेस ने संकल्प दिवस के रूप में मनाई पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पहली पुण्यतिथि

punjabkesari.in Friday, Jul 08, 2022 - 08:03 PM (IST)

शिमला (राक्टा): पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की पहली पुण्यतिथि को कांग्रेस ने संकल्प दिवस के तौर पर मनाया। इसके साथ ही प्रदेश भर में कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित गेयटी थियेटर में सर्वधर्म सभा का आयोजन किया। इस दौरान लोगों ने नम आंखों से वीरभद्र सिंह को याद किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इससे पहले प्रदेश पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन हुआ और स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की धर्मपत्नी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उनके बेटे शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह सहित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके छाया चित्र पर पुष्प अर्पित करते 2 मिनट का मौन भी रखा। 
PunjabKesari

हर गांव से मिट्टी-लोहा एकत्रित कर बनाई जाएगी वीरभद्र सिंह की प्रतिमा
इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि कांग्रेस पार्टी वीरभद्र सिंह की सोच को आगे ले जाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर यशवंत सिंह परमार को हिमाचल निर्माता के नाम से जाना जाता है तो वहीं वीरभद्र सिंह आधुनिक हिमाचल के निर्माता के नाम से जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने बिना भेदभाव के समूचे प्रदेश का सर्वांगीण विकास किया। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश के हर गांव से मिट्टी-लोहा एकत्रित करने की मुहिम शुरू करेंगे और स्व. वीरभद्र सिंह की विशाल प्रतिमा बनाने का काम किया जाएगा। इस मुहिम में प्रदेश भर के लोगों को शामिल किया जाएगा और ये मुहिम पूर्ण रूप से गैर-राजनीतिक होगी।
PunjabKesari

राजीव भवन में ये रहे मौजूद
इस मौक पर राजीव भवन में पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, विधायक नंद लाल,मोहन लाल ब्राक्टा, महासचिव अमित पाल सिंह, यशवंत सिंह छाजटा, शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष अतुल शर्मा,पूर्व विधायक आदर्श सूद, नरेश चौहान, अमित नंदा, जितेंद्र चौधरी, यशपाल तनाईक, इंद्रजीत सिंह, वेद प्रकाश शर्मा, बाबा हरदीप सिंह, चंद्र प्रभा नेगी, सोनिया चौहान, विनीता वर्मा, शशि बहल, किरण धांटा, प्रभावर्मा व हरीश जनारथा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ऐसी शख्सियत, मन को चेहरे से ही पढ़ लिया करते थे
गेयटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाषा एवं संस्कृति विभाग के पूर्व निदेशक डाॅ. प्रेम शर्मा ने वीरभद्र सिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके स्मरणों को सांझा किया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह एक ऐसी शख्सियत थे जो लोगों के मन को चेहरे से ही पढ़ लिया करते थे। उन्होंने कभी भी किसी से कोई भेदभाव नहीं किया। यही कारण है कि आज पूरा हिमाचल प्रदेश उन्हें याद करते हुए अपने श्रद्धासुमन अर्पित कर रहा है। कैंसर अस्पताल में मुफ्त लंगर चलाने वाले सर्वजीत सिंह बॉबी ने कैंसर अस्पताल में उनके लंगर के उद्घाटन के पलों को याद करते हुए कहा उन्हें कभी नही भुलाया जा सकेगा।
PunjabKesari

शहरी विकास मंत्री हुए सम्मिलित
गेयटी थिएटर में आयोजित सर्व धर्म प्रार्थना सभा में शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने सम्मिलित हुए। उन्होंने स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को राजनीति का पुरोधा बताया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने मूल्यों की राजनीति को अपनाते हुए अपने लंबे राजनीतिक जीवन में राजनीतिक सुचिता का उदाहरण प्रस्तुत किया। इसके साथ ही विधायक अनिरुद्ध सिंह, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर व सुधीर शर्मा, यादवेंद्र गोमा, संजय रत्न, चंद्र कुमार, सोहन लाल, किरनेश जंग, अजय बहादुर के साथ ही जल शक्ति विभाग के पूर्व अधिकारी व बड़ी संख्या में वीरभद्र समर्थक व अन्य लोग उपस्थित थे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News