हिमाचल की बेटियों ने रचा इतिहास, हैंडबाल में बनीं राष्ट्रीय चैंपियन
punjabkesari.in Wednesday, Nov 08, 2023 - 06:02 PM (IST)

बिलासपुर (विशाल): गोवा में आयोजित 37वीं राष्ट्रीय खेलों में हैंडबाल की प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश महिला हैंडबाल टीम ने स्वर्ण पदक जीत कर इतिहास रच दिया है। हिमाचल प्रदेश की महिला हैंडबाल टीम ने इस वर्ष पहली बार ही राष्ट्रीय खेलों के लिए क्वालीफाई किया व पहली बार खेलते हुए ही सीधे राष्ट्रीय चैंपियन बन खेल जगत में तहलका मचा दिया। फाइनल में हिमाचल का मुकाबला हरियाणा की टीम से हुआ, जिसमें हिमाचल ने हरियाणा को 40-20 गोल के भारी अंतर से परास्त कर धांसू जीत दर्ज की।
हिमाचल प्रदेश की टीम की अंतर्राष्ट्रीय हैंडबाल खिलाड़ी मेनिका पाल ने 9 गोल, भावना ने 7 गोल, मिताली ने 6 गोल, निधि ने 5 गोल, शालिनी ने 5 गोल, गुलशन ने 4 गोल, प्रियंका ने 4 गोल दागे। वहीं हिमाचल टीम कप्तान दीक्षा ठाकुर ने शानदार गोलकीपिंग कर हरियाणा के खिलाड़ियों की गोल दागने की कोशिशों को नाकाम कर अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। हैंडबाल कोच मनोज ठाकुर, टीम मैनेजर संगीता शर्मा, हिमाचल प्रदेश ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर, महासचिव राजेश भंडारी, कोषाध्यक्ष टीपी चोपड़ा, जिला खेल अधिकारी शिमला अनुराग वर्मा के साथ अन्य ने टीम को बधाई दी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here