Kangra: स्मार्ट मीटर का खौफ, 20 दिन में थमाया 1 लाख का बिजली बिल, जांच के बाद निकला सिर्फ 600 रुपए
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 06:16 PM (IST)
डाडासीबा (सुनील): हिमाचल प्रदेश के विद्युत विभाग देहरा के अंतर्गत आने वाले गांव ढोंटा में बिजली विभाग के स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान लग गए हैं। यहां के एक स्थानीय दुकानदार निशांत कुमार उस समय गहरे सदमे में आ गए जब उनके घर में हाल ही में लगे स्मार्ट मीटर ने मात्र 20 दिनों का बिजली बिल 1 लाख रुपए से ज्यादा दर्शा दिया गया। घरेलू उपयोग के लिए इतनी भारी-भरकम राशि का बिल देखकर पीड़ित उपभोक्ता के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत विभाग के पास अपनी शिकायत दर्ज करवाई। निशांत कुमार ने बताया कि उनके घर में केवल सामान्य विद्युत उपकरणों का ही उपयोग होता है, ऐसे में इतनी अधिक खपत होना पूरी तरह से नामुमकिन है।
उन्होंने आशंका जताई कि या तो स्मार्ट मीटर में कोई बड़ी तकनीकी खराबी आई है या फिर डाटा फीडिंग और ट्रांसमिशन के दौरान विभाग की ओर से गंभीर लापरवाही बरती गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्युत विभाग देहरा के अधिशासी अभियंता बलेश कुमार ने उपभोक्ता को आश्वस्त किया कि यह प्रथम दृष्टया एक तकनीकी त्रुटि प्रतीत होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कई बार स्मार्ट मीटर के सिस्टम अपडेट या डाटा ट्रांसमिशन की वजह से सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी आ जाती है, जिससे इस तरह के असामान्य बिल जैनरेट हो जाते हैं। विभाग ने मामले की तुरंत तकनीकी जांच के आदेश दिए, जिसके बाद पाया गया कि बिल वास्तव में गलत था।
विभाग ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए त्वरित कार्रवाई की और 1 लाख रुपए के इस भारी-भरकम बिल को दुरुस्त कर दिया। सुधार के बाद उपभोक्ता का वास्तविक बिल मात्र 600 रुपए के करीब निकला, जिसे निशांत कुमार ने तुरंत जमा करवाकर राहत की सांस ली है। इस घटना के बाद अभियंता ने अन्य उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि यदि किसी को भी अपने बिजली बिल में ऐसी कोई विसंगति नजर आती है तो वे घबराएं नहीं और सीधे विभाग से संपर्क करें, ताकि समय रहते त्रुटि को सुधारा जा सके।

