Solan: क्योरटैक ग्रुप के CEO सुमित सिंगला को मिला अंतर्राष्ट्रीय सम्मान, अमेरिका व लंदन की संस्थाओं ने किया सम्मानित

punjabkesari.in Thursday, Jun 26, 2025 - 04:38 PM (IST)

बीबीएन: हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) स्थित देश की प्रतिष्ठित दवा निर्माता कंपनी क्योरटेक ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुमित सिंगला को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विशेष सम्मान से नवाजा गया है। उन्हें यह पुरस्कार दवा निर्माण में उत्कृष्ट गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

सुमित सिंगला जोकि अमित सिंगला सोशल वैल्फेयर सोसायटी के चेयरमैन भी हैं, के नेतृत्व में ग्रुप जहां विश्व स्तरीय गुणवत्ता की दवाओं का निर्माण कर रहा है, वहीं सोसायटी द्वारा हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में अनेक सामाजिक कार्य जैसे स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा सहायता, स्वच्छता अभियान और महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं कार्यों को देखते हुए अमेरिकन क्वालिटी काऊंसिल (यूएसए) और वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (लंदन) द्वारा आयोजित भव्य समारोह में उन्हें विशिष्ट पुरस्कार और अंतर्राष्ट्रीय प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह समारोह मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में आयोजित किया गया, जहां देश के कई वरिष्ठ गण्यमान्य अतिथि मौजूद रहे।

2 पूर्व राज्यपालों ने किया सम्मानित
सुमित सिंगला को यह पुरस्कार राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र और हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल जस्टिस वीएस कोकजे ने संयुक्त रूप से प्रदान किया। इस अवसर पर इंदौर के लोकप्रिय सांसद शंकर लालवानी, सुप्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटाऔर पुलिस के डीजीपी वरुण कपूर भी विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान शंकर लालवानी की राजनीति में ऐतिहासिक जीत का भी उल्लेख हुआ, जिन्होंने देश में सबसे अधिक मतों से जीत हासिल करने का कीर्तिमान रचा था।

भविष्य में भी सामाजिक सेवा का संकल्प
सम्मान ग्रहण करने के उपरांत सुमित सिंगला ने वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन और अमेरिकन क्वालिटी काऊंसिल के इंडियन सीईओ एवं सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष शुक्ल का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि क्योरटेक ग्रुप भविष्य में भी दवा निर्माण के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता बनाए रखते हुए समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। इस अवसर पर क्योरटेक ग्रुप के डायरेक्टर प्रणय सिंगला भी उनके साथ उपस्थित रहे।

2 दशकों की सेवा का मिला प्रतिफल : संतोष शुक्ल
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन के इंडियन सीईओ संतोष शुक्ल ने बताया कि सुमित सिंगला को यह सम्मान उनके बीते दो दशकों में समाज के प्रति लगातार किए गए कार्यों की सराहना स्वरूप प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि समाज के लिए कार्य करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और सिंगला जैसे उद्यमी इसके प्रेरणास्रोत हैं।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News