Solan: BPL के सर्वे में जिला में 1567 परिवारों का चयन

punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 11:19 PM (IST)

सोलन (पाल): बीपीएल के तीसरे सर्वे में जिला सोलन में केवल 1567 परिवारों का चयन ही हुआ है। मजेदार बात यह है कि पिछले एक वर्ष से यह सर्वे चला हुआ है, लेकिन अभी तक फाइनल सूची तैयार नहीं हुई है। अब सरकार ने बीपीएल परिवारों की संख्या बढ़ाने के लिए चौथा सर्वे शुरू कर दिया है। तीसरे सर्वे में जिला सोलन में केवल 311 परिवारों का चयन हुआ, जबकि इससे पूर्व दूसरे सर्वे में जिला सोलन में 1256 परिवार ही चयनित हुए थे। मजेदार बात यह है कि सरकार ने बीपीएल परिवारों के चयन के लिए निर्धारित किए मापदंडों में कुछ और रियायतें देने के साथ तीसरा सर्वे शुरू किया था लेकिन इसका भी फायदा मिलता नजर नहीं आया है। सोलन सहित पूरे प्रदेश में मार्च 2025 में बीपीएल परिवारों के चयन के लिए सर्वे शुरू हुआ था। जिला सोलन में करीब 10,746 परिवारों ने बीपीएल में चयन के लिए आवेदन किया था।

इसकी नियम व शर्तें कड़ी थी। यही कारण रहा कि पहले सर्वे में जिला सोलन में 10,746 में से केवल 619 परिवारों का ही चयन हुआ। दूसरे सर्वे में 637 और परिवारों का चयन हुआ है। इस तरह से दूसरे सर्वे में जिला सोलन में 1256 परिवारों का चयन बीपीएल के लिए हुआ है। यही स्थिति पूरे प्रदेश की रही। पूर्व में जिला सोलन में बीपीएल परिवारों की संख्या करीब 14 हजार थी। इस बार बीपीएल के चयन के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तर पर कमेटी का गठन किया गया है। इसमें बीडीओ के साथ-साथ पंचायत निरीक्षक भी कमेटी के सदस्य हैं। पहले पंचायत द्वारा ग्राम सभा की बैठक में बीपीएल का चयन करती थी। सोलन जिला में कुल पंचायतों की संख्या 240 है।

नालागढ़ विकास खंड की 72 पंचायतों में 4441 परिवारों ने बीपीएल में चयन के लिए आवेदन किया था, लेकिन पहले सर्वे में केवल 75 परिवारों का चयन हुआ। कुनिहार विकास खंड की 56 पंचायतों में 1872 परिवारों ने बीपीएल में चयन के लिए आवेदन किया था लेकिन पहले सर्वे में केवल 111 परिवारों का चयन हुआ। सोलन विकास खंड की 37 पंचायतों में 1154 परिवारों ने बीपीएल में चयन के लिए आवेदन किया था लेकिन पहले सर्वे में केवल 246 परिवारों का चयन हुआ। पट्टा विकास खंड की 25 पंचायतों में 1355 परिवारों ने बीपीएल में चयन के लिए आवेदन किया था लेकिन पहले सर्वे में केवल 39 परिवारों का चयन हुआ।

धर्मपुर विकास खंड की 24 पंचायतों में 653 परिवारों ने बीपीएल में चयन के लिए आवेदन किया था लेकिन पहले सर्वे में केवल 15 परिवारों का चयन हुआ। कंडाघाट विकास खंड 26 पंचायतों में 1271 परिवारों ने बीपीएल में चयन के लिए आवेदन किया था लेकिन पहले सर्वे में केवल परिवारों का चयन हुआ। पहले सर्वे में पात्र परिवारों के कम चयन को देखते हुए बीपीएल परिवारों की चयन प्रक्रिया के मानकों में कुछ रियायत देकर दूसरे सर्वे को शुरू किया। पात्र परिवारों के चयन के लिए पक्के मकान को भी छूट दी गई। यदि किसी का पक्का मकान है तो उसका चयन भी बीपीएल में हो सकता है।

यह सर्वे दोबारा से फील्ड में जाकर नहीं, उन्हीं 10,746 परिवारों में से ही होना था, जिन्होंने इसके लिए आवेदन किया है। दूसरे सर्वे में भी कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आए। जिला सोलन की 240 ग्राम पंचायतों में 637 और परिवारों का बीपीएल में चयन हुआ। दूसरे सर्वे में नालागढ़ विकास खंड की 72 पंचायतों में 41, कुनिहार विकास खंड की 56 पंचायतों में 105, सोलन की 37 ग्राम पंचायतों में 121, पट्टा की 25 पंचायतों में 86, धर्मपुर की 24 पंचायतों में 86 तथा कंडाघाट की 26 पंचायतों में 80 परिवारों का बीपीएल चयन हुआ।

तीसरे सर्वे में नालागढ़ विकास खंड की 72 पंचायतों में 61, कुनिहार विकास खंड की 56 पंचायतों में 49, सोलन की 37 ग्राम पंचायतों में 55, पट्टा की 25 पंचायतों में 89, धर्मपुर की 24 पंचायतों में 26 तथा कंडाघाट की 26 पंचायतों में 31 परिवारों का बीपीएल चयन हुआ। अब देखते हैं कि चौथे सर्वे में कितने और परिवारों को बीपीएल में चयन होता है। यह तभी पता चलेगा जब सर्वे शुरू होगा।

कार्यकारी जिला ग्रामीण विकास अधिकारी एवं बीडीओ सोलन रमेश शर्मा ने बताया कि बीपीएल परिवारों के चयन के लिए चौथा सर्वे शुरू होगा। अभी तक तीसरे सर्वे में जिला सोलन में 1567 परिवारों का चयन किया गया है। चौथे सर्वे में कुछ और रियायतें मिलेंगी। उम्मीद है कि यह संख्या और बढ़ेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News