Himachal: बरोटीवाला में युवक की बेरहमी से हत्या, शिव मंदिर के प्रांगण में खून से लथपथ मिला शव

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 02:38 PM (IST)

बद्दी (आदित्य): हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला बद्दी के तहत बरोटीवाला थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बटेड गांव में देर रात एक 28 वर्षीय प्रवासी युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह युवक का खून से लथपथ शव एक शिव मंदिर के प्रांगण में मिलने से इलाके में दहशत फैल गई।

बिहार का रहने वाला था मृतक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान आशुतोष कुमार गौरव (28) पुत्र अजीत कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। आशुतोष बरोटीवाला स्थित एक निजी उद्योग में काम करता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब 7-8 वर्षों से अपने माता-पिता और बहन के साथ बटेड गांव में ही किराए के मकान में रह रहा था।

PunjabKesari

सिर पर भारी वस्तु से वार की आशंका
गुरुवार सुबह बरोटीवाला पुलिस को मंदिर परिसर में शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया। मृतक के शरीर और घटनास्थल के हालात देखकर प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक के सिर पर किसी भारी वस्तु से जोरदार वार किया गया है, जिससे उसकी मौत हुई।

PunjabKesari

पुलिस और फोरैंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही फोरैंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फोरैंसिक टीम ने मौके से कई अहम वैज्ञानिक साक्ष्य  जुटाए हैं, ताकि हत्यारे तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

PunjabKesari

हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस : एसपी
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने हत्या का मामला दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस की 3 से 4 विशेष टीमें गठित की गई हैं। फोरैंसिक साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या के असली कारणों का खुलासा किया जाएगा और जो भी इस मामले में शामिल होगा उसे सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News