विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज के स्कूल दौरे पर विवाद, कांग्रेस और आप ने जड़ा छात्र पर हाथ उठाने का आरोप

punjabkesari.in Friday, May 20, 2022 - 11:46 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के हिमाचल दौरे के बाद सियासी हलचल बढ़ गई है। इसके तहत भाजपा और आम आदमी पार्टी नेताओं ने अब स्कूलों में दस्तक देनी शुरू कर दी है। विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने भी चम्बा में एक स्कूल का दौरा किया। हालांकि उनके इस दौरे के बाद विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का आरोप है कि हंसराज ने स्कूल का दौरा करने के दौरान छात्र पर हाथ उठाया है। लिहाजा ऐसे में उनको तुरंत पद से निलंबित किया जाना चाहिए। उनकी तरफ से किए गए स्कूल के दौरे का सोशल मीडिया में वीडियो भी वायरल हुआ है। 

यह है सरकार का शिक्षा मॉडल : गौरव
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता गौरव शर्मा ने भी राजधानी शिमला से लगती राजकीय प्राथमिक पाठशाला संदल का खुद दौरा करके सरकारी व्यवस्था की पोल खोलने का प्रयास किया है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यह भाजपा सरकार का शिक्षा मॉडल है, जो शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की पोल खोलता है कि कैसे निजी जर्जर भवनों में चल रहे स्कूलों में न तो शौचालय है और न ही पीने का पानी की सही व्यवस्था। उन्होंने कहा कि जब राजधानी में ये हालात हैं, तो दूरदराज के क्षेत्र में बने स्कूलों की स्थिति का स्वयं ही अंदाजा लगाया जा सकता है। उनकी तरफ से संदल स्कूल का दौरा करने का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। गौरव शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री के गृह जिले में एक भवन में पशु औषधालय केंद्र पलाच और दूसरी तरफ राजकीय माध्यमिक स्कूल शटयाऊगी की कक्षाएं चल रही हैं। इसके अलावा सैंज घाटी के शैंशर में एक शिक्षक के सहारे 2-2 स्कूल चल रहे हैं। 

विधानसभा उपाध्यक्ष को उपचार करवाने की नसीहत : विक्रमादित्य 
कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने आरोप लगाया कि जिस तरह का व्यवहार विधानसभा उपाध्यक्ष ने स्कूल में जाकर किया है, उसके बाद उनको तुरंत अस्पताल में जाकर उपचार करवाने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले उनकी तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ टिप्पणी की गई थी, जो सही नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को इस मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए।

मुझे मामले की जानकारी नहीं : सुरेश कश्यप
हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज के मामले को लेकर उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वह इस समय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेने के लिए जयपुर आए हैं। ऐसे में मामले के तथ्यों को जाने बिना वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News