उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने उपमंडल चुराह का किया दौरा
punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 09:44 AM (IST)
चंबा। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने उपमंडल चुराह का दौरा कर विभिन्न प्रशासनिक एवं विकासात्मक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उपायुक्त ने इस दौरान खंड विकास अधिकारी कार्यालय में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की प्रगति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों से मिशन के तहत संचालित गतिविधियों, समूहों की आर्थिक सुदृढ़ता, बैंक लिंकेज, स्वरोजगार सृजन एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उन्हें प्रशिक्षण, विपणन सुविधा एवं वित्तीय सहयोग समयबद्ध रूप से उपलब्ध करवाया जाए, ताकि ग्रामीण आजीविका को सशक्त आधार मिल सके।
इसके उपरांत उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तीसा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य एवं अन्य सेवाओं की भी समीक्षा की। उपायुक्त ने उपमंडल मुख्यालय एवं इसके आसपास चल रही विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप मंडल दंडाधिकारी राजेश कुमार जरयाल, खंड विकास अधिकारी अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

