Shimla: तांबा तार चाेरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, रंगे हाथ पकड़े 3 आराेपी...बिहार की 2 महिलाएं शामिल
punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 04:01 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के बालूगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने कॉपर (तांबा) तार चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार मूल की 2 महिलाओं सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की गई कॉपर केबल भी बरामद की गई है।
पुलिस को दी गई शिकायत में नेरी निवासी परेश शर्मा ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार को गांव मानला में एक संदिग्ध वाहन देखा, जिसमें दो महिलाएं भी सवार थीं। शक होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही बालूगंज पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें सफेद बोरी में छिपाकर रखी गई कॉपर केबल बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान मनीषा (28) और संगीता (20) के रूप में हुई है। ये दोनों मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले की रहने वाली हैं और वर्तमान में शिमला के फागली स्थित झुग्गी-झोंपड़ी में रह रही थीं। तीसरे आरोपी की पहचान मनोज कुमार (21) निवासी लोअर फागली, शिमला के रूप में हुई है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर चोरी का सामान जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या ये आरोपी शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल थे। जिला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

