दिल्ली में कांग्रेस निकालेगी ''भारत बचाओ'' महारैली, प्रदेश के एक हजार नेता-कार्यकर्ता होंगे शामिल

punjabkesari.in Thursday, Dec 05, 2019 - 05:24 PM (IST)

शिमला (योगराज) : 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की केंद्र सरकार के खिलाफ भारत बचाओ महारैली में हिमाचल प्रदेश से 1000 कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता भाग लेंगे। हाईकमान की तरफ से हिमाचल कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को रैली में 1000 लोगों को जुटाने का टारगेट दिया है जिसके लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौड़ ने राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में विधायकों ,पूर्व विधायकों और पूर्व कार्यकारिणी पदाधिकारियों को रैली में भाग लेने के निर्देश दिए। 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल में अर्थव्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। महंगाई आसमान छू रही है और बेरोजगारी भी बढ़ती ही जा रही है। केंद्र सरकार केवल जुमलेबाजी कर रही है और लोग परेशानी में है। इसलिए विपक्ष में होने के नाते कांग्रेस लोगों की आवाज को बुलंद करेगी और केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंकेगी। कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि रैली में हिमाचल प्रदेश से लोगों को जुटाने का टारगेट सभी विधायकों ,पूर्व विधायकों और पदाधिकारियों को अलग अलग तय किया गया है।

कुलदीप राठौर ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा के राज में बलात्कार और हत्या आम बात हो गई है। सरकार की प्रशासनिक अधिकारियों पर पकड़ कमजोर हो गई है जिसके चलते इस तरह के अपराध हर रोज घटित हो रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में भी क्राइम का ग्राफ दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। हैदराबाद की रेप और हत्या की घटना पर दुख जाहिर करते हुए राठौर ने कहा कि सरकार अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दे जिससे महिला डॉक्टर को इंसाफ मिले।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Simpy Khanna

Recommended News

Related News