कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने प्रदेश के भाजपा सांसदों को लिखे पत्र, जानिए क्या है वजह
punjabkesari.in Sunday, Sep 10, 2023 - 05:30 PM (IST)

शिमला (राक्टा): आपदा की घड़ी में केंद्र से सहयोग की मांग को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने हिमाचल भाजपा के तीनों लोकसभा व राज्सभा सांसदों को पत्र लिखे हैं। पत्र के माध्यम से उन्होंने सभी सांसदों से प्रदेश में भारी बारिश व भूस्खलन से हुए नुक्सान की भरपाई के लिए एकजुटता के साथ प्रयास करने और प्रधानमंत्री से मिलकर प्रदेश में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करवाने में मदद का आग्रह किया है। प्रतिभा सिंह ने लिखा है कि प्रदेश में भारी बारिश व बाढ़ से हुए भूस्खलन की वजह से भारी जानमाल का नुक्सान हुआ है। लोकतंत्र में चुने हुए प्रतिनिधियों की ऐसी आपदाओं के समय लोगों को राहत पहुंचाने व पुनर्वास कार्यों के प्रति बहुत बड़ी जिम्मेदारी बन जाती है। ऐसे में भले ही विचारधारा अलग-अलग है लेकिन प्रदेश के सांसद होने के नाते सभी का कर्तव्य बनता है कि आपदा में सब एकजुट होकर प्रभावित लोगों की मदद करने के साथ ही पुनर्वास कार्यों में सरकार का सहयोग करें। पत्र के अंत में लिखा है कि भाजपा सांसदों से उनका आग्रह है कि वह उनके पत्र पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए लोकसभा के विशेष सत्र के दौरान प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगें।
सीमित साधन, विकट आर्थिक स्थिति
प्रतिभा सिंह ने पत्र में उल्लेख किया है कि सीमित संसाधनों व विकट आर्थिक स्थिति के चलते प्रदेश किसी भी सहायता के लिए केंद्र सरकार पर ही निर्भर है। इसलिए आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करवाकर विशेष आर्थिक पैकेज की मांग करनी चाहिए। इसके लिए सभी सांसदों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने लिखा है कि जब सभी मिलकर पूरी स्थिति से प्रधानमंत्री को अवगत करवाएंगे तो वह अवश्य ही पीड़ा को समझते हुए मांग को पूरा करेंगे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here