हिमाचल में भाजपा के ठाकुरों में छिड़ी है जंग : अलका लाम्बा
punjabkesari.in Friday, Sep 30, 2022 - 11:16 PM (IST)

अनुराग पिता की टिकट की लड़ रहे लड़ाई तो जयराम लगा रहे अड़चनें
ऊना (विशाल): प्रदेश में भाजपा के ठाकुरों के बीच जंग चल रही है और जयराम ठाकुर, अनुराग ठाकुर, महेन्द्र ठाकुर व प्रो. प्रेम कुमार धूमल इसमें शामिल हैं। महेन्द्र सिंह भरे मंच से अनुराग ठाकुर को सबसे असफल केंद्रीय खेल मंत्री बताते हैं तो अनुराग ठाकुर अपने पिता धूमल के लिए टिकट की लड़ाई दिल्ली में लड़ रहे हैं। जयराम ठाकुर यह सोचकर अड़चनें लगा रहे हैं कि यदि धूमल को टिकट मिल गई और जीत गए तो मेरी कुर्सी हमेशा के लिए चली जाएगी। यह बात ऊना में पत्रकारवार्ता करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं हिमाचल की मीडिया प्रभारी अलका लाम्बा ने नेता विपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री और जिला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा की उपस्थिति में कही। लाम्बा ने कहा कि भारत को तोडऩे वाले और गोली मारो का नारा देने वाले गोडसेवादी अनुराग ठाकुर अपने प्रदेश व संसदीय क्षेत्र के लिए कुछ नहीं कर पाए हैं और अब तक के सबसे असफल केंद्रीय मंत्री साबित हुए हैं। महंगाई और बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दों से भाग रहे अनुराग ठाकुर केवल राहुल गांधी पर अनर्गल टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से देश त्रस्त है और कांग्रेस इसको जोर-शोर से उठा रही है। इसी के चलते भाजपा बौखला गई है।
रेल लाइन के नाम पर जनता को ठगते रहे अनुराग
सांसद होने के बावजूद अनुराग ठाकुर रेल लाइन के नाम पर जनता को ठगते रहे हैं। ऊना-हमीरपुर रेल लाइन को केंद्रीय बजट में 1000 रुपए दिए गए हैं और यह ही अनुराग ठाकुर की उपलब्धि है। सेना में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के युवा सबसे अव्वल रहे हैं और सांसद अनुराग ठाकुर ठेकेदारी प्रथा वाली अग्निपथ योजना के बड़े समर्थक हैं। लाम्बा ने कहा कि उन्हें लेकर कहा जाता है कि अलका लाम्बा हिमाचल में पर्यटक हैं। भाजपा नेता बताएं कि दिल्ली से स्मृति ईरानी और मीनाक्षी लेखी किस तरह से हिमाचल आती हैं और क्यों उनके मुंह से महंगाई का नाम तक नहीं निकलता? उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी अपने कार्यकाल के बचे डेढ़ साल में 10 लाख नौकरियां देने का जुमला फैंक रहे हैं लेकिन सत्ता संभालने से पहले हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने का वायदा किया गया था लेकिन अभी तक देश बेरोजगारी की आग में झुलस रहा है। प्रदेश में बीजेपी की फुल फार्म बेचते जाओ पेपर बन गई है और लगातार पेपर बिक रहे हैं और युवाओं से धोखा हो रहा है।
दिल्ली के हाथों की कठपुतली बनकर रह गए जयराम
जयराम ठाकुर दिल्ली के हाथों की कठपुतली बनकर रह गए हैं। हिमाचल कांग्रेस के नेताओं को ईडी व जांच एजैंसियों के बीच फंसाने का डरावा दिखाया जा रहा है। हिमाचल की जनता और विपक्ष की आवाज को किसी भी धमकियों से दबाया नहीं जा सकता है। चुनाव के समय ईडी को हिमाचल में सक्रिय किया गया है और अवैध खनन पर कार्रवाई दिखाई जा रही है लेकिन होगा कुछ नहीं और बस कमीशन लेकर सैटल कर दिया जाएगा व मामले खत्म कर दिए जाएंगे। अब तक देश भर में ईडी ने 5000 से अधिक मामले दर्ज किए हैं लेकिन इनमें से 23 लोग ही दोषी करार दिए गए हैं जबकि अधिकतर मामलों में आरोपियों के भाजपा में जाने और सैटलमैंट होने पर केस खत्म कर दिए गए हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here